अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। पिछले 10 दिनों से चल रहे भारतीय किसान यूनियन भानू गुट का अनशन बुधवार को अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति ने अनशनकारी को जूस पिलाकर समाप्त कराया। आपको बता दे पिछले 10 दिनों से किसान यूनियन के कार्यकर्ता राजेपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरिहरपुर के सामने एक खाली पड़े खेत में जनपद की विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। इसी बीच अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य धरना स्थल पर पहुंचे और किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नरेंद्र सोमवंशी से वायदा करते हुए कहा कि वह उनकी मुलाकात तीन दिन के अंदर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराएंगे। विधायक ने मुलाकात तो करना दूर। इस बीच खुद भी मिलना मुनासिब नहीं समझा, तभी धरना आठवें दिन आमरण अनशन में बदल गया और एक 65 वर्षीय वृद्ध आमरण अनशन पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक हमें मुख्यमंत्री से नहीं मिलाया जाएगा वह कुछ भी नहीं खाएंगे।
इसी बीच मुख्यमंत्री के जनपद आगमन की भनक लगते ही प्रशासन हरकत में आया और आज सुबह होते ही अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति व अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 रविंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर रविंद्र नाथ राय, उप जिला अधिकारी अमृतपुर रविंद्र सिंह धरना स्थल पर पहुंच गए और किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं से बातचीत की, पर कोई हल नहीं निकला। किसान यूनियन के लोग मुख्यमंत्री मिलने की मांग करते रहे और अनशन को एक उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दे दी। प्रशासन ने शाम तक कड़ी मशक्कत के बाद आमरण अनशन को समाप्त कराया। एडीएम ने जिला अध्यक्ष नरेन्द्र सोमवंशी से जिला स्तर की सभी मांगों को जल्द से जल्द पूर्ण करने का आश्वासन दिया व साथ ही मुख्यमंत्री से संगठन के तीन लोगों को मिलवाया जाएगा। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक राजेपुर मोहम्मद कामिल, थानाध्यक्ष अमृतपुर मीनेश पचौरी भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से मौके पर डटे रहे।
