कमालगंज, समृद्धि न्यूज। कमालगंज नगर गंगा पार को जोडऩे वाले पीपों का पुल पानी बढऩे से बंद होने के कारण दबंग लोग वसूली करने के लिए सक्रिय हो गये हैं। जो नाव से उस पार उतारने के एवज में प्रति व्यक्ति 40 रुपये वसूल रहे हैं। जिससे उनकी कमाई प्रतिदिन 10 से 12 हजार रुपये हो रही है। पैसे न देने पर उपरोक्त लोग मारपीट पर उतारु हो जाते हैं। मजबूरी बस लोगों को पैसे देने पड़ रहे हैं। जिला प्रशासन इस मामले पर खामोश है। गंगा पार जाने के लिए रोजाना सैकड़ो लोग आते जाते हैं। बहुत से लोग गंगा पार क्षेत्र में अपनी-अपने दुकान किए हैं। कोई खेती किए हैं, तो कोई कमालगंज नगर में व्यापार एवं किसान अपनी फसलों को बेचने एवं मजदूरी करने के लिए आता है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से इस मामले को गंभीरता से लेने एवं अवैध रूप से हो रही वसूली रुकवाने की मांग की है।
