संपूर्ण समाधान दिवस: तीन समस्याओं का हुआ समाधान, शेष को मिला आश्वासन

ज्यादातर शिकायतें राजस्व से संबंधित थीं
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। तहसील प्रांगण में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉक्टर वी0के0सिंह द्वारा की गई। इस मौके पर 76 फरियादी अपनी फरियाद लेकर डीएम के पास पहुंचे। जिनमें से तीन का मौके पर निस्तारण किया जा सका। अन्य सभी समस्याओं के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में ज्यादातर शिकायतें राजस्व से संबंधित थीं। अमृतपुर कस्बा निवासी प्रतीक अवस्थी, शिवम सिंह, यशवीर यादव, अवनीश यादव, संदीप शाह, विपिन अवस्थी, अमन यादव आदि ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा हम ग्रामीणों ने अमृतपुर में पश्चिम तरफ फखरपुर संपर्क मार्ग पर नई आबादी बनाई है। जिसमें अभी तक हम सभी को मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, विद्युत व्यवस्था नहीं मिली है। कई बार शासन व प्रशासन को प्रार्थना पत्र भेजे, पर अभी तक कोई भी सुनवाई नहीं हुई। अवधेश पुत्र नरवीर निवासी इमादपुर पमारान ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा कि मैंने अपने पड़ोस के लईक खाँ उर्फ तौले पुत्र रईस व उसका दामाद रिजवान निवासी दौलतपुर चकई द्वारा किये जा रहे अवैध खनन की जानकारी अमृतपुर तहसील प्रशासन व राजेपुर थाना पुलिस को दी थी। जिसको लेकर खनन माफिया ने मेरे ऊपर फावड़ा से हमला किया, लेकिन किसी तरह से मैं अपनी जान बचाकर वहां से निकल गया। खनन माफिया मुझे बार-बार धमकी दे रहा है। खनन माफिया के खिलाफ पहले भी कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मुझे जानमाल का खतरा है। उचित कार्रवाई करने की कृपा करें। राघव अग्निहोत्री निवासी बालीपट्टी ने गली व नाली निर्माण के संबंध में, जगनिवान शुक्ला निवासी बालीपट्टी ने बिजली बिल सुधरवाने, प्रभाकर त्रिवेदी निवासी कुम्हरौर ने तालाब के सुंदरीकरण के संबंध में, शिवेंद्र अवस्थी ने चकमार्ग की पैमाइश के संबंध में, रमेशचंद पुत्र मुंशीलाल निवासी सलेमपुर ने गलत आदेश दर्ज करने के संबंध में, रामश्री पत्नी बलवीर ने कॉलोनी दिलवाने के संबंध में, अमरनाथ शुक्ला निवासी बालीपट्टी रानी गांव ने रिपोर्ट दर्ज करवाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। वहीं कृष्ण पाल दीक्षित पूर्व अध्यापक निवासी हरसिंहपुर ने हैंड पंप रिबोर करने के संबंध में प्रार्थना पत्र सौंपा। जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों को आश्वासन देते हुए कहा सभी का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी अवैध खनन होता हुआ पाया गया, तो तत्काल कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। गंगा दशहरा मेले को होने वाली भीड़ को लेकर उन्होंने सभी इंतजाम कर लिए हैं। सभी जगह पुलिस बल व अन्य बलों द्वारा निगरानी की जाएगी। जिससे किसी प्रकार की जनहानि ना हो सके। एसपी विकास कुमार ने राजेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह, अमृतपुर थाना अध्यक्ष मीनेश पचौरी को थाना क्षेत्र पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस विभाग की आई हुई सभी शिकायतों का जल्द से जल्द निस्तारण करने के लिए कहा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनीद्र कुमार, क्षेत्राधिकार रविंद्र नाथ राय, उप जिला अधिकारी रविंद्र सिंह, तहसीलदार कर्मवीर सिंह आदि मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *