हरिद्वार: जिले की कारागार से रामलीला के दौरान दो कैदी फरार हो गए जो चर्चा की विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि दोनों कैदी रामलीला में वानर सेना के बंदर बने हुए थे। दोनों माता सीता को खोजने निकले थे, लेकिन इसी बीच खुद ही फरार हो गए। जब दोनों की तलाश शुरू की गई तो पता चला कि दोनों कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए हैं। फिलहाल पुलिस को घटना के बारे में सूचना दे दी गई है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि दोनों कैदियों की तलाश की जा रही है, जल्द से जल्द दोनों को पकड़ लिया जाएगा।
सीढ़ी लगाकर फरार हुए कैदी
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि हरिद्वार जेल से दो कैदी रामलीला के दौरान फरार हो गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने रामलीला की वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘यह वही कैदी हैं, जो हनुमान जी बने थे। हरिद्वार जेल में गजब हो गया। रामलीला का मंचन हो रहा था। सीता माता का हरण हो गया था। वानर बने कैदी माते-माते करते हुए खोज रहे थे। चूंकि बंदर बने थे और दीवाल खुद कर भागने में सफल रहे।’
कंस्ट्रक्शन साइट के पास रखी थी सीढ़ी
एसएसपी ने बताया कि कल यहां पर शाम के समय में रामलीला का कार्यक्रम चल रहा था। उसी का फायदा उठाकर यहां कंस्ट्रक्शन साइट पर एक सीढ़ी पड़ी थी, उसी सीढ़ी को दीवार पर लगाकर ये दोनों कैदी रात में यहां से निकले हैं।
