आपत्तियों का निस्तारण कर केंद्र निर्धारण समिति ने सूची यू.पी. बोर्ड भेजी

दिसंबर में बोर्ड परीक्षा हेतु केंद्रों की फाइनल सूची हो जायेगी जारी
फर्रुखाबाद,समृद्धि न्यूज। उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा हेतु जनपद में 60 परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी कर दी है। बोर्ड ने जिन 60 परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी की है उसमें कई अनुदानित इंटर कालेजों को केंद्र नहीं बनाया गया है, जबकि एक ऐसे विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है जिसका फर्श धंसने से उसका संचालन फिलहाल दूसरे स्कूल के भवन में हो रहा है। शिक्षा सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शिक्षा विभाग ने जिले के परीक्षा केंद्रों पर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण कर सूची बोर्ड कार्यालय प्रयागराज भेज दी है। प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों में लगभग छह केंद्र बदल जायेंगे। इनकी जगह शहर क्षेत्र के काटे गये प्रतिष्ठि विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया जा सकता है। विदित है कि बोर्ड ने प्रस्तावित 60 परीक्षा केंद्रों पर आपत्तियां मांगी थीं। जिस पर किसी प्रधानाचार्य ने अधिक दूरी होने तो किसी ने मूलभूत सुविधायें होने के बावजूद उनके विद्यालय को परीक्षा केंद्र नहीं बनाये जाने पर आपत्तियां लगाकर जिला केंद्र निर्धारण समिति भेजी थी। २३ नवम्बर को आपत्तियों का निस्तारण किया जाना था। निर्धारित तिथि पर जिलाधिकारी को केंद्र निर्धारण समिति के साथ बैठक करनी थी जो किसी कारणवश नहीं हो सकी थी। जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बोर्ड द्वारा प्रस्तावित केंद्रों पर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करके सूची बोर्ड को भेज दी गयी है। डीएम के निर्देेश के मुताबिक परीक्षा केंद्रों के संबंध में जानकारी गुप्त रखी गयी है। आपत्तियों का निस्तारण कर बोर्ड को भेजी गयी रिपोर्ट के पश्चात अब इसी माह जिले के परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी हो जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *