मेला रामनगरिया में शिविर को दी जायेगी भव्यता: आचार्य चन्द्रदेव
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा की मासिक बैठक आर्य समाज भोलेपुर में सम्पन्न हुई। सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि आर्य समाज के 150वें स्थापना पर आगामी वर्ष में मेला रामनगरिया में सभा के तत्वावधान में भव्य वेद प्रचार शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें देश के विभिन्न प्रान्तों के आर्य समाजी, विद्वान व कार्यकर्ताओं का आगमन होगा। बैठक की अध्यक्षता प्रधान आचार्य चंद्रदेव शास्त्री ने करते हुए कहा कि 12 वर्षों से सभा के द्वारा मेले के वैदिक क्षेत्र में चरित्र निर्माण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से जनमानस को वैदिक सिद्धान्तों व भारतीय संस्कृति से परिचित कराया जाता है साथ ही प्रतिदिन संध्या, यज्ञ योग आदि के द्वारा कल्पवासियों को आध्यात्मिक लाभ प्रदान कराया जाता है। कार्यक्रम में अनेक प्रान्तों के आर्य विद्वान व गुरुकुलों के आचार्य, गुरुकुलीय परम्परा व संस्कृत के प्रति लोगों आस्था जगा रहे हैं। वर्तमान वर्ष आर्य समाज की स्थापना का 150वां वर्ष ह, जिसको भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा भी उत्साहपूर्वक मनाया रहा है। इसी क्रम में इस आयोजन को और भी भव्यता पूर्वक मनाया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को आयोजन की सफलता के लिए अभी से जुटने का आवाहन किया। मंत्री डॉ0 शिवराम सिंह आर्य ने कहा की आर्य समाज महर्षि दयानंद की प्रेरणा से स्थापित एक मात्र ऐसा संगठन है जिसका उद्देश्य समाज मे व्याप्त अंधविश्वास, कुरीतियों, सामाजिक विषमताओं को दूर कर श्रेष्ठ समाज का निर्माण करना है। कार्यक्रम में स्वामी श्यामानंद, सुरेंद्र आर्य, सुरेश चंद्र वर्मा, अतिराज सिंह, संदीप आर्य, प्रकाश नारायण, हर्ष आर्य आदि उपस्थित रहे।
धूमधाम से मनाया जायेगा आर्य समाज का 150वां स्थापना दिवस
