नगर पंचायत अध्यक्ष के समझाने बुझाने पर परिजनों ने खोला जाम
तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। बीते दिन मंदिर परिसर में हुई किशोरी की मौत के मामले में परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर किशोरी के शव को नवाबगंज-अलीगंज मार्ग पर स्थित गांव सलेमपुर में रोड पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष ने समझा बुझाकर परिजनों को शांत कराया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर त्यौरी निवासी अवधेश कुमार राजपूत पुत्र कुंवर बहादुर की १६ वर्षीय पुत्री रोशनी का शव बीते दिन सुबह नवाबगंज थाना क्षेत्र के ही गांव कक्योली मैं बने प्राचीन ऐतिहासिक मंदिर राम ताल के परिसर में पेड़ पर लटका हुआ पाया गया था। सूचना पर थाना पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम ने कार्यवाही करते हुए शव को उतारकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, लेकिन थाना पुलिस ने बिना तहरीर दिए कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया। थाना पुलिस के मुताबिक परिजन जब तहरीर देंगे तभी मुकदमा दर्ज किया जाएगा, लेकिन पंचनामा की कार्रवाई के बाद परिजन मृतका के शव को अपने घर ले आए और रात बीतने के बाद उन्होंने अलीगंज-नवाबगंज मार्ग पर अपने गांव सलेमपुर के पास शव रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही हलका इंचार्ज दरोगा संतोष कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन दरोगा के साथ गए पुलिसकर्मियों की ग्रामीणों ने एक नहीं सुनी और पुलिस की लापरवाही का आरोप लगाते हुए जाम लगाए बैठे रहे। तब थाना अध्यक्ष विद्यासागर तिवारी ने नगर पंचायत नवाबगंज के अध्यक्ष अनिल राजपूत को घटनास्थल पर भेजने की बात कही, लेकिन मृतक के परिजन उनके सजातीय थे। इस पर नगर पंचायत अध्यक्ष मौके पर पहुंचे। उनकी काफी मान मनोव्वल के बाद मृतका के परिजनों ने उनकी बात मानी। नगर पंचायत अध्यक्ष ने थानाध्यक्ष से बात की। तब नगर पंचायत अध्यक्ष ने तहरीर लिखवायी। जिसमें मृतका के पिता अवधेश कुमार राजपूत ने कहा गया कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री कुमारी रोशनी रात 10.30 बजे शौचक्रिया के लिए गई हुई थी, तभी आरोपी सचिन कुमार पुत्र जय सिंह उर्फ गुड्डू तथा कृष्ण पुत्र वेदराम निवासी नगला कलार थाना कादरीगेट चौकी आईटीआई जिला फर्रुखाबाद तथा सचिन पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी गांव सलेमपुर थाना नवाबगंज के विरुद्ध अपहरण कर हत्या करने की तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। तब जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला। जब इस बाबत थाना अध्यक्ष नवाबगंज विद्यासागर तिवारी से जानकारी व हत्या का कारण जानने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कोई भी बात बताने से इनकार कर दिया। थाना अध्यक्ष ने कहा कि अब विषय विवेचना का है जो बात विवेचना में सामने आएगी उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। किसी को निर्दोष नहीं फंसाया जायेगा।
देर शाम पुलिस कप्तान ने पहुंचकर की जांच पड़ताल
नवाबगंज। रामताल मंदिर परिसर में आम के पेड़ पर बीते दिन किशोरी का शव फांसी पर लटका मिला था। आज परिजनों ने नवाबगंज-अलीगंज मार्ग पर स्थित गांव सलेमपुर के निकट शव रखकर जाम लगा दिया। जिस पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने पहुंचकर मामले को समझा बुझाकर शांत करवाकर जाम खुलवाया तथा मुकदमा दर्ज कराने के लिए परिजनों से तहरीर लिखवायी।

