फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मिनी कुंभ (मेला रामनगरिया) का आज उद्घाटन होना है। इससे पूर्व रविवार को अपराह्न पुलिस अधीक्षक ने मेले का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने मेला प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। साथ ही कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
जानकारी के अनुसार रविवार को अपराह्न पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने अपने हमराहियों के साथ मेला रामनगरिया पहुंचे। जहां उन्होंने बनी चौकियों को देखा तथा वहां तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिये कि मेले की सुरक्षा में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी डियूटी का निर्वहन करे। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने मेले में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था परखी। बताते चलें कि मेले में चार जिलों की पुलिस तैनात की गयी है। जिसमें औरैया, कानपुर देहात, कन्नौज तथा स्थानीय जिले की पुलिस शामिल है। निरीक्षण करने के दौरान थानाध्यक्ष कादरीगेट आमोद कुमार, मेला रामनगरिया प्रभारी संजय कुमार राय, कन्नौज से रजनेश यादव, पांचाल घाट चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
मेले में शराब पीकर डियूटी करता मिला कानपुर देहात का सिपाही
फर्रुखाबाद। एक तरफ जब पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी मेले का निरीक्षण कर रहे थे, तो दूसरी तरफ कानपुर देहात का सिपाही अजय यादव डियूटी के दौरान शराब के नशे में धुत होकर मेले में घूम रहा था। जो लडख़ड़ाकर चल रहा था। सिपाही को इस हालत में देख कई लोग उसकी तरफ देखकर कहने लगे कि जब यह स्वयं की सुरक्षा नहीं कर सकते, तो मेले में तैनात कल्पवासियों व साधु संतों की सुरक्षा क्या कर पायेंगे।
हालांकि कुछ लोगों ने इस शिकायत पुलिस कप्तान से भी की, लेकिन उन्होंने कोई तबज्जो नहीं दी। कुछ लोगों ने कादरीगेट थानाध्यक्ष आमोद कुमार से भी शिकायत की, तो उन्होंने भी पल्ला झाड़ लिया और बात को नजरंदाज कर दिया। अब ऐसे में सवाल यह उठता है कि एक जिम्मेदार पुलिसकर्मी जब रामनगरिया में ऐसे ही अपनी डियूटी का निर्वहन करेंगे, तो जनता के बीच पुलिस की छवि धूमिल होने से कौन रोक सकेगा।
