चीनी मिल में बोर्ड की बैठक सम्पन्न, कई महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर हुई चर्चा

 शौचालय को मॉडर्न बनवाने/कैंटीन का नवीनीकरण कराने की उठाई गई मांग
कर्मचारियों ने जीएम व बोर्ड सदस्यों के सामने वेतन न मिलने का रखा मामला
कायमगज, समृद्धि न्यूज। चीनी मिल में बोर्ड की बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता चीनी मिल प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष जय गंगवार ने की।
बैठक में मिल प्रशासन की ओर से दो प्रस्ताव बोर्ड के सामने रखे गए। जिसमें 2 करोड़ 45 लाख से शीरा टैंक का निर्माण कराना। दूसरा चीनी मिल से सीओ ऑफिस तक की सडक़ का निर्माण एक करोड़ 10 लाख से करने का प्रस्ताव रखा गया। इन प्रस्तावों को बोर्ड ने यह कहकर खारिज कर दिया है कि पिछली बार बोर्ड की बैठक में जिन प्रस्तावों पर चर्चा हुई थी उन पर ना तो कोई कार्रवाई की गई ना ही अमल में लाए गए। डायरेक्टर अमरदीप दीक्षित ने कहा कि पिछली मीटिंग में उन्होंने मिल में कार्य करने वाले कर्मचारियों की जानकारी मांगी थी। जो अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। मेंटीनेंस में कितना पैसा आता है मशीनों की मरम्मत के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि की भी जानकारी मांगी गई थी। जो नहीं दी गई। उन्होंने कहा की 1 लाख से ऊपर के टेंडर की जानकारी बोर्ड को देने का प्रावधान है। मीटिंग में कई मांगे रखी गई थीं, लेकिन उनका अनुपालन आज तक नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखे जाते हैं, लेकिन अधिकारियों की मनमानी के चलते उनका क्रियान्वयन नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने अधिकारों का लाभ उठाते हैं। बैठक में शौचालय को मॉडर्न बनवाने और कैंटीन का नवीनीकरण कराने की मांग उठाई गई। इस दौरान सुदामा देवी, अच्युत कुमार, ओंकार सिंह, सुमन लता, श्रीकृष्ण, रामकिशोर, शीलेश तिवारी मौजूद रहे। बैठक के बाद सभा कक्ष के बाहर निकलने पर दो दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने जीएम और बोर्ड सदस्यों के सामने पिछले कई महीनों का वेतन न मिलने का मामला रखा। गुस्साए कर्मचारियों ने वेतन न मिलने पर आत्महत्या तक की धमकी दे डाली। इस सम्बन्ध में महा प्रबंधक शादाब असलम ने कहा कि जिस कार्यदाई संस्था के माध्यम से काम कर रहे हैं। उनके माध्यम से मानदेय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *