सुबह दरवाजा खटखटाना पर नहीं खुला, तो पुलिस को दी सूचना
मृतक ई-रिक्शा चलाकर कर रहा था परिवार का भरण पोषण
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रिटायर्ड कानूनगो के पुत्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट क्षेत्र के गांव अमेठी कोहना निवासी रिटायर्ड कानूनगो हरिश्चंद्र मिश्रा का 35 वर्षीय पुत्र अमित मिश्रा देर रात्रि करीब 11:00 बजे अपने कमरे में चला गया था। जबकि बीते दिन उसकी पत्नी चित्रा लड़ाई झगड़ा के बाद अपने बच्चों को लेकर अपने मायके गाँव खसोरा हरपालपुर जनपद हरदोई चली गई थी। सुबह जब काफी देर तक अमित मिश्रा ने दरवाजा नहीं खोला, तो माता-पिता ने दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद भी गेट नहीं खुला, तो उन लोगों को लगा कि शायद वह सो रहा होगा, लेकिन जब दोपहर तक गेट नहीं खुला, तो परिजनों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई और दरवाजा खोलने का प्रयास किया। इस दौरान पांचाल घाट पुलिस चौकी को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पांचाल घाट पुलिस पहुंची और दरवाजा खोला गया। इस दौरान अमित मिश्रा फांसी पर लटका मिला। जिस पर परिजन रोने बिलखने लगे। अमित मिश्रा ने जींस के सहारे से फांसी लगायी थी। बगल में ही बेड भी पड़ा था। बताते चलें कि मृतक का शव जहां पर लटक रहा था वहीं पर खून भी पड़ा था। इसके बाद पांचाल घाट पुलिस ने थाना पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। हालांकि परिवारीजनों में और पुलिस के बीच पोस्टमार्टम को लेकर कई घंटे तक असमंजस की स्थिति बनी रही। चौकी प्रभारी पांचाल घाट मोहित मिश्रा ने बताया कि शव को उतार लिया गया है। पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के दो बच्चे हैं। बेटी प्रियल 8 वर्ष, बेटा शिवा 5 वर्ष है। वहीं पड़ोसी दिनेश मिश्रा ने बताया कि उनकी पत्नी चित्रा को सूचना दे दी गई है। मृतक के पिता पूर्व में कानूनगो रह चुके हैं।
