कमालगंज, समृद्धि न्यूज। कमालगंज थाना क्षेत्र के भोजपुर चौकी के पास बघार में आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आलू से लदी हुई एक ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गयी, लेकिन जानमाल की कोई हानि नहीं हुई। चालक सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था और जैसे ही उसने सडक़ पर एक गड्ढे को पार करने की कोशिश की, तभी ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। ट्रॉली में भरे आलू सडक़ पर बिखर गए। जिससे यातायात बाधित हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल चालक को बाहर निकाला। सौभाग्य से उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया और रास्ते को साफ कराने की व्यवस्था की। स्थानीय लोगों ने कहा कि सडक़ों की मरम्मत हो। स्थानीय निवासियों ने इस हादसे के लिए खराब सडक़ को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से सडक़ की मरम्मत नहीं हुई है जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सडक़ सुधार कार्य करवाने की मांग की है। इस मामले पर अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना की जांच की जाएगी और जरूरत पड़ी तो संबंधित विभाग को सडक़ सुधार के लिए निर्देश दिए जाएंगे। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यह घटना सडक़ सुरक्षा और मरम्मत की अनदेखी की ओर इशारा करती है।
ओवरलोडिंग के चलते ट्रैक्टर पलटा, गंभीर हादसा टला
