
*वर्तमान प्रधान की शिकायत पर कार्यवाही शुरु
*नायब तहसीलदार ने पहले चक्र में 30 बीघा करायी मुक्त
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। लगभग 50 वर्षों से सैकड़ों बीघा ग्राम समाज की भूमि पर पूर्व प्रधान ने अवैध रुप से कब्जा कर 530 बीघा के पट्टे भी ऐसे लोगों को कर दिये जो या तो सर्विसमैन है या तो बिजनेस मैन है। वर्तमान प्रधान की शिकायत पर डीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार ने लगभग 30 बीघा जमीन को मुक्त पहले चरण में करा दिया है। जानकारी के अनुसार ब्लाक मोहम्मदाबाद के ग्राम मुडगांव के ग्राम प्रधान रामनारायन सिंह वर्ष 2021 में जनता ने उन्हें प्रधान चुना। जब उन्होंने ग्राम समाज की भूमि के अभिलेखों की जब जांच पड़ताल करायी तो पता चला कि जब से ग्राम समाज बना, तब से छविनाथ सिंह उर्फ छन्नू पुत्र ओमकार सिंह के बाबा व परिवार के अन्य लोग प्रधानी करते आये, उसके बाद स्वयं छविनाथ ने प्रधानी की और अपने कार्यकाल में लगभग 530 बीघा के पट्टे ऐसे लोगों को कर दिये, जो सरकारी नौकरी करते है या बिजनेसमैन है। 2021 में रामनारायन के ग्राम प्रधान बनने पर उन्हें जब पता चला तो इसकी शिकायत उन्होंने 6 मई 2023 अवैध कब्जेदार भू-माफिया पूर्व प्रधान छविनाथ सिंह व उनके द्वारा अवैध रुप से कराये गये लोगों के कब्जे के संदर्भ में जिलाधिकारी व आईजीआरएस व सम्र्पूण समाधान दिवस में ग्राम प्रधान द्वारा कई बार की गई। जिसके बाद जिला प्रशासन चेता, जिलाधिकारी के आदेश पर मामला नायब तहसीलदार को सौंपा गया। नायब तहसीलदार मोनिका तिवारी ने राजस्व कर्मियों व पुलिस बल के साथ पहुंचकर चिन्हांकन कराकर पहले चक्र में लगभग 30 बीघा ग्राम समाज की भूमि भू-माफियाओं से मुक्त कराया। पहले दिन शिवराज सिंह उर्फ बाबा पुत्र कल्याण सिंह उर्फ गामा से 13 बीघा, पूर्व प्रधान छविनाथ सिंह से 9 बीघा, जयपाल सिंह पुत्र मुन्नू सिंह से 2 बीघा को नायब तहसीलदार ने मुक्त कराते हुए हिदायत दी कि पुन:इस पर कब्जा करने का प्रयास किया तो कार्यवाही की जायेगी। वर्तमान प्रधान रामनारायन सिंह ने बताया कि पूर्व प्रधान द्वारा लगभग 530 बीघा ग्राम समाज की अवैध रुप से भूमि लोगों को कब्जा करवा रखी है। जिला प्रशासन से मांग की है कि भू-माफिया घोषित कर कार्यवाही की जाये।

