
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गंगा दशहरा की पूर्व संध्या से शुरू हुआ भक्तों का सैलाब सुबह होते-होते महाकुम्भ में बदल गया। भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव से गंगा में हर-हर गंगे के बीच आस्था की डुबकी लगायी और दान दक्षिणा देकर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस तैनात रही।
बताते चलें कि गंगा दशहरा पर स्नान और दान का विशेष महत्व है। जिसके चलते पौ फटते ही भक्तों का पांचाल घाट पर पहुंचना शुरु हो गया। इस दौरान लोगों ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। गंगा घाट पर हर-हर गंगे की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया। भीड़भाड़ और जाम से बचने के लिए लोग सुबह सवेरे ही अपने घरों से निकले और ब्रह्म मुर्हूत में स्नान किया। इसके बाद से श्रद्धालुओं का गंगा तट पर आना जाना लगा रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर मंदिरों में पूजा अर्चना करते हुए और सूर्य देव को अघ्र्य देकर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद गंगा पुत्रों और साधुओं को आटा, चावल, उड़द, गुड़, शर्बत व पंखे आदि श्रद्धानुसार दान तथा दक्षिणा दी। वहीं महिलाओं ने गंगा मइया को पहनावन चढ़ायी। भक्तों की भारी भीड़ के चलते पुल पर जाम की स्थिति रही। यहां पर तैनात पुलिसकर्मियों को इस दौरान खासी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर कई उचक्कों ने भक्तों की पर्स व सामान पार कर दिया। भीड़भाड़ के चलते पुलिस प्रशासन द्वारा रुट का डायवर्जन किया गया था। जिससे वाहन चालकों को परेशानी न हो।
