पति सहित आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शव देखते ही स्वजन बिलखने लगे। पिता ने अतिरिक्त दहेज को लेकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पीडि़त की तहरीर पर पति सहित छ: के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने शव पीएम हेतु भेज दिया। घटना के बाद पति व अन्य स्वजन मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव जिजौटा बुजुर्ग निवासी अनूप कुमार चौहान की २४ वर्षीय पत्नी ने रविवार देर रात घर के जीना में खिडक़ी के सहारे तार से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शव देखकर स्वजन बिलखने लगे। स्वजनों ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मौके पर पहुंचे थाना अमृतपुर के गांव हरसिंहपुर गलवार निवासी मृतका के पिता सर्वेंद्र सिंह ने बेटी की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाकर हंगामा कटाना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का विवाह दो वर्ष पूर्व हुआ था। शादी के बाद से ही ससुरलीजन बेटी को अतिरिक्त दहेज में एक बाइक व एक लाख रुपए को लेकर प्रताडि़त करने लगे। मांग पूरी न होने पर बेटी की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया है। पुलिस ने शव पीएम हेतु भेज दिया। घटना के बाद पति मौके से फरार हो गया। पीडि़त पिता की तहरीर पर पति अनूप सिंह, जेठ अनिल सिंह, जेठानी रेनू सिंह, भांजी अंशिका, देवर अज्जू व सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने बताया मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
संदिग्ध परिस्थितियों में महिला फांसी लगाकर की खुदकुशी
