संदिग्ध लोगों की हलचल व घरों के ऊपर उड़ रहे ड्रोन से ग्रामीणों में दहशत

 ग्रामीणों ने की हवाई फायरिंग, लाठी-डंडे लेकर खेतों में की बदमाशों की खोज
नगर पंचायत अध्यक्ष ने घर के ऊपर उड़ते ड्रोन को देख पुलिस को दी जानकारी
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। कस्बा नवाबगंज के मोहल्ला नगला बारग, जाफर नगर, नया गनीपुर, पुराना गनीपुर, बाईपास रोड, नगला जोधा व थाना क्षेत्र के नगला दुर्गा, जानकीपुर, बबुरारा, हमीरपुर, हुसैनपुर आदि गांव में सोमवार रात लोग ने खेतों की ओर कुछ संदिग्ध लोगों की हलचल को देखा। जिससे लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों के अपने घरों के ऊपर ड्रोन कैमरे भी उड़ते देखे। खेतों की ओर बदमाश होने की जानकारी होने पर व अपने घर पर ड्रोन कैमरे उड़ते देख ग्रामीणों ने ड्रोन कैमरे पर हवाई फायरिंग भी की। फायरिंग की आवाज से ड्रोन कैमरे गायब हो गए। खेतों में बदमाशों की आशंका पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडे को लेकर खेतों में टॉर्च से रोशनी कर घेराबंदी कर शोर शराबा करना शुरू कर दिया। लोग छतों पर चढक़र शोर मचाने लगे। लोगों में बताया कि इसी दौरान बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से निकल गए। लोगों ने पूरी रात छतों पर जागकर काटी। सूत्रों से पता चला है कि बदमाशों की चहलकदमी देख ग्रामीणों ने हवाई फायरिंग की। नगर पंचायत अध्यक्ष ने अपने घर पर ड्रोन कैमरे को उड़ता देख तुरंत थाना नवाबगंज को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की, लेकिन मौके पर किसी संदिग्ध व्यक्ति या ड्रोन पकड़ा नहीं जा सका। मोहल्ला जाफर नगर के निवासी ग्रामीणों ने ड्रोन को देख पुलिस को घटना के बारे में अवगत कराया। वहीं नगला बारग निवासी एक ग्रामीण ने घर के ऊपर उड़ रहे ड्रोन कैमरे पर लाठी से प्रहार करना चाहा लेकिन ड्रोन तक लाठी नहीं पहुंच सकी। वहीं थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडे ने बताया कि बदमाशों के होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है और फायरिंग की सूचना गलत है। यह महज एक अफवाह है। यदि अनावश्यक अफवाह फैलता या फायरिंग करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *