लैब की जांच बाहर से लिखने की शिकायत पर किया निरीक्षण
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। बाहर से जांच लिखने की शिकायत मिलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने सीएचसी का निरीक्षण किया और सीएचसी प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। जिसमें नगला खेमरेंगाई निवासी किसी युवक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को फोन के द्वारा अवगत कराया था यहां पर कुछ डॉक्टर खून की जांच के लिए बाहर से लिखते हैं। वह बाजार की रिपोर्ट ही मानते हैं, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र्र में लैब टेक्नीशियन मौजूद रहते हैं और काफी जांचें भी की जाती हैं। इसके बावजूद भी कुछ डॉक्टर कमीशन के खेल को लेकर बाहर से जांच करवाते हैं और मोटा कमीशन पाते हैं। शिकायत मिलने पर पहुंचे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अवनीद्र कुमार उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। जिसमें डॉक्टर प्रतिभा तथा सतीश राजपूत दो लोग अनुपस्थित पाए गए तथा बाहर मुख्य गेट पर लगे फाइलेरिया कैंप को देखा और जरूरी दवाइयां रखने के निर्देश दिए। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर अजय यादव को निर्देशित करते हुए बताया कि बाढ़ पीडि़तों को टाइम से दवाइयां मुहैया करवाई जाए तथा ज्यादा से ज्यादा जांच अपने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही करवाई जाएं। जो जांच अपने यहां नहीं हो सकती है इस जांच के लिए बाहर भेजा जाए या फिर जो नहीं करवा सकता है उसको लोहिया अस्पताल के लिए भेजा जाए। वहीं साफ -सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाए। इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर अजय यादव, डॉक्टर विकास पटेल, डॉ0 मानसिंह सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र्र का किया निरीक्षण
