शेरपुर सराय में कटान से घर बहे, लोग सामान बचाने में जुटे

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कमालगंज में गंगा नदी का जलस्तर बढऩे से तटीय गांवों में तबाही का दौर जारी है। शेरपुर सराय गांव में गंगा की तेज धार से कटान तेजी से बढ़ रहा है। कई मकान नदी में समा गए हैं।
ग्रामीण अब अपने मकानों को खुद तोडक़र कीमती सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं। रजीपुर से श्रृंगीराममपुर होकर कन्नौज जाने वाले संयोगिता मार्ग पर स्थित इस गांव में दो दिन पहले विजय का मकान कटान की वजह से बह गया। अब विवेक और विनोद के मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। विवेक और विनोद के मकानों का कच्चा हिस्सा पहले ही कटान की चपेट में आ चुका है। वे मकान के पक्के हिस्से से लेंटर की सरिया निकालने में जुटे हैं। ग्राम प्रधान भैंरोलाल के पुत्र रावेंद्र के अनुसार कई ग्रामीण अपने घरों को खाली कर चुके हैं। गंगा की तेज धार से स्थिति लगातार बिगड़ रही है। एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय ने गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। ग्रामीण शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। हर साल बाढ़ और कटान से प्रभावित होने वाले इस क्षेत्र के लोग अपने घर और जीवन को बचाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *