गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, साक्षी महाराज ने दी आंदोलन की चेतावनी

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य को लेकर जनपद में जन आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।बशीरतगंज के पास कानपुर-उन्नाव मार्ग को बंद किए जाने की योजना से स्थानीय लोग नाराज़ हैं। इस मामले में सांसद साक्षी महाराज ने प्रशासन के इस फैसले का विरोध किया और आंदोलन की चेतावनी दी।
सराय कटियान मजरा बशीरतगंज से गुजरने वाले इस प्रमुख मार्ग को गंगा एक्सप्रेसवे के चलते बंद किया जा रहा है। इसका सीधा असर दर्जनों गांवों के निवासियों पर पड़ेगा, जिन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अब कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।
ग्रामीणों की चिंता को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी गौरांग राठी को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग पहले राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा था और आज भी हजारों लोगों के लिए जीवनरेखा है। सांसद ने मांग की है कि एक्सप्रेसवे के नीचे एक अंडरपास का निर्माण कराया जाए ताकि लोगों की आवाजाही बाधित न हो।
इससे पहले 26 अगस्त को व्यापारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब जब सांसद स्वयं मैदान में उतर आए हैं, तो ग्रामीणों को उम्मीद है कि शासन-प्रशासन इस मामले पर जल्द संज्ञान लेगा।
सराय कटियान समेत आस-पास के गांवों के लोगों ने प्रशासन को चेताया है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो क्षेत्र में बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन के रवैये को “तानाशाही” करार देते हुए कहा है कि लोकतांत्रिक तरीके से उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *