मिशन शक्ति फेज-5 के तहत पुलिस द्वारा स्कूटी रैली निकाल किया गया जागरुक

 डीएम, एसपी, सीडीओ, एएसपी ने हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत रविवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ रिजर्व पुलिस लाइन फतेहगढ़ से डीएम व एसपी, सीडीओ, एएसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया। स्कूटी रैली में महिला पुलिस कर्मियों, महिला पीआरवी स्टाफ, एंटी रोमियो टीम, महिला बीट अधिकारी ने बढ़-चढक़र प्रतिभाग किया। स्कूटी रैली में जनपद के उच्चाधिकारी व महिला पुलिसकर्मी शामिल हुई। रैली ने शहर के प्रमुख चौराहों, स्कूलों, बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों से गुजरकर महिलाओं को सुरक्षा संबंधित कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वुमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), एवं 1098 (बाल सहायता सेवा) का प्रचार-प्रसार किया गया। आमजन को एंटी रोमियो स्क्वॉड, महिला हेल्प डेस्क, एवं महिला शिकायत निवारण प्रणाली की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया। आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की प्रशंसा करते हुए महिलाओं की सुरक्षा हेतु चलाए जा रहे अभियानों को अपना पूर्ण समर्थन देने का संकल्प लिया। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में जनपद स्तर पर विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशाला, साइबर सुरक्षा से संबंधित सत्र, एवं महिला संवाद का भी आयोजन किया जाएगा। समाज तभी सशक्त होगा, जब उसकी महिलाएँ सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों। मिशन शक्ति का उद्देश्य यही सुनिश्चित करना है कि हर महिला अपने अधिकारों को जानें और निर्भय होकर अपने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *