पंसारी की दुकानों पर पूजा सामग्री खरीदने के लिए उमड़ी भीड़
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शारदीय नवदुर्गा का प्रारम्भ २1 सितंबर से होगा। नवदुर्गा की पूर्व संध्या पर जहां नगर में किराने की दुकानों पर पूजा सामग्री की बिक्री होती रही, वहीं नवदुर्गा की पूर्व संध्या पर मंदिरों में भव्य सजावट की गयी। उधर, मिशन अस्पताल के बाहर भगवती दुर्गा की मूर्ति की बिक्री होती रही। जहां 100 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक की भव्य मूर्तियां बिकीं। बाजारों में माता के परिधानों की दुकानों पर बिक्री का दौर देखा गया। मिट्टी के कलश, नारियल आदि की भी जमकर बिक्री हुई। अपराकाशी के नाम से विख्यात नगरीय फर्रुखाबाद में मंदिरों की बहुतायत है। मंदिरों के नजरिये से ही इसे अपराकाशी का नाम दिया गया है बड़ी तादात में मंदिर हैं। जिसमें प्रमुख देवी मंदिरों में पूजा की तैयारियां देर शाम तक होती रहीं। पल्ला मठिया के नाम से प्रसिद्ध फूलमती देवी मंदिर, ऐतिहासिक गुरगांव देवी मंदिर, बढ़पुर स्थित शीतला देवी मंदिर, भोलेपुर स्थित वैष्णो देवी मंदिर, महाकाल मंदिर, फतेहगढ़ स्थित कालीवाड़ी मंदिर व सैन्य क्षेत्र में स्थित मां दुर्गा के मंदिर में तैयारियों का दौर चलता रहा। शाम को मंदिर भव्य तरीके से सजाये गये। घर में घट स्थापना की तैयारियां चलती रहीं। सोमवार से नवदुर्गा अनुष्ठान शुरु हो जायेगा। जिसमें नौ दिन भक्त व्रत रखकर मां दुर्गा की आराधना करेंगे।
शारदीय नवरात्र आज से, मंदिरों में देर शाम तक चलती रहीं तैयारियां
