घरेलू कलह में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भूसामंडी में घरेलू कलह से क्षुब्ध एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने युवक की पत्नी पर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।मृतक की पहचान 31 वर्षीय आसिफ अली पुत्र इशरत अली के रूप में हुई है। आसिफ फतेहगढ़ में एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। करीब सात साल पहले उसका निकाह भोलेपुर मस्जिद वाली गली निवासी आमना से हुआ था। उनके दो बेटे मुस्तफा और अहसान हैं। परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही आसिफ की पत्नी आमना अक्सर विवाद और झगड़ा करती थी। जिससे आसिफ काफी परेशान रहता था। सोमवार सुबह भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद आमना दोनों बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई। कुछ देर बाद जब पिता इशरत अली ने बेटे को खाने के लिए आवाज दी, तो कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में झांकने पर उन्होंने देखा कि आसिफ पंखे के कुंडे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाल रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता इशरत अली ने अपनी बहू पर आरोप लगाया है कि उसके अत्याचारों और झगड़ों से तंग आकर ही उनके बेटे ने यह कदम उठाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *