चोरों ने दो घरों से नकदी व जेवरात किये पार, पुलिस ने की जांच पड़ताल

कम्पिल, समृद्धि न्यूज। दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने दो घरों से जेवर व नगदी चोरी कर लिए। सुबह जागने पर स्वजनों को मामले की जानकारी हुयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीडि़त ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव चांदपुर कच्छ निवासी सरनाम कठेरिया ने दी तहरीर में बताया कि रविवार की बीती रात पत्नी व बच्चों के साथ छत पर सो रहा था। किसी पहर चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए और कमरे में रखे बक्से को खोलकर जेवर व नगदी चोरी कर ली। सुबह जागे स्वजनों ने कमरे में जाकर देखा तो दंग रह गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। वहीं पड़ोसी पूर्व प्रधान गजराज ने दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को उनका पुत्र शिवनन्दन घर में ताला लगाकर पत्नी व बच्चों के साथ शादी समारोह में शामिल होने रिश्तेदारी में गया था। रविवार की बीती रात चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे दो लाख के जेवर व पचास हजार रुपए की नगदी चोरी कर ली। रविवार सुबह ग्रामीणों ने घर का ताला टूटा देख गजराज को सूचना दी। स्वजनों ने घर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। नगदी व जेवर गायब था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घरों में जांच पड़ताल की। थाने पहुंचे सीओ सोहराब आलम ने पीडि़तों से घटना के सम्बन्ध में जानकारी ली। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया मामला संदिग्ध है। पीडि़त के अनुसार ताले टूटे हुए हैं, जबकि ताले खुले पाए गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *