समृद्धि न्यूज। मध्य प्रदेश के रीवा में सडक़ हादसे के बाद ग्रामीणों ने हाइवे में जाम लगा दिया। पुलिस की टीम और स्थानी प्रशासन के आने के बाद आक्रोशित ग्रामीण हाइवे से हटने को तैयार हुए। पुलिस की टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एक तेज रफ्तार स्कार्पियो सडक़ किनारे खड़े कई लोगों को कुचलते हुए बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्कार्पियो चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के लोगों को समझाइश देकर शांत कराया और जाम खाली कराया। सडक़ हादसे की यह दिल दहला देने वाली दुर्घटना रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत तेंदुआ कोठार गांव की हैं। जहां शाम तकरीबन 6 बजे एक स्कार्पियो कार छत्तीसगढ़ से प्रयागराज की तरफ जा रही थी। बताया गया की तेज रफ्तार स्कार्पियो जैसे ही गांव के समीप हाइवे में पहुंची उसी दौरान गांव का एक व्यक्ति पानी भरकर साईकिल से सडक़ पार करने लगा। कार चालक की नजर अचानक साईकिल वाले व्यक्ति पर पड़ी, लेकिन तब तक उसने अपना नियंत्रण खो दिया। कार ने पहले सडक़ पार कर रहे साईकिल सवार व्यक्ति को उड़ाया। इसके बाद उसे कुचलते हुए सडक़ किनारे खड़ी बाईक में सवार 3 अन्य लोगों को कुचल दिया, आगे जाकर कार खेत में लगे एक बिजली के खम्भे से जा टकराई।
सडक़ हादसे में राम नरेश साकेत, रंजना साकेत, 12 वर्षीय मासूम रूचि साकेत जो की एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहें हैं और कमलेश सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि स्कार्पियो कार की टक्कर से 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कमलेश उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। आसपास किसी के मौजूद न होने के कारण कुछ समय तक शव सडक़ पर ही पड़े थे। वहां ग्रामीणों लोगों की भीड़ जुट गई, आक्रोशित ग्रामीणों ने रीवा-प्रयागराज हाईवे जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खाली कराया, इस दौरान कई घंटों तक हाईवे जाम रहा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मध्य प्रदेश: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सडक़ किनारे लोगों को कुचला, चार की मौत
