राज्य सरकार प्रदेश को मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध-निषाद

-प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत “रिवर रैंचिंग/जन जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन।
-मत्स्य मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद ने रिवर रैचिंग कार्यक्रम के तहत दो लाख भारतीय मेजर कार्प मत्स्य बीज का गोमती नदी में किया संचय।
समृद्धि न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मत्स्य विकास मंत्री डॉ संजय निषाद की अध्यक्षता में आज यहां न्यू लक्ष्मण पार्क,गोमती रिवर फ्रंट पर राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड, हैदराबाद द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत “रिवर रैंचिंग/जन जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम लि0 गोमती हैचरी, लखनऊ से दो लाख भारतीय मेजर कार्प मत्स्य बीज (रोहू कतला तथा नैन) 80 से 100 एम0एम का संचय किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम योजना एवं मछुआ दुर्घटना बीमा के कुल छह लाभार्थियों को मत्स्य मंत्री जी द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का मुख्य उद्देश्य नदियों में मत्स्य संसाधनों का पुनर्जीवन, पारंपरिक मछली पकड़ने के तरीकों को बढ़ावा देना,मछुआ समुदाय की आजीविका को मजबूत बनाना तथा जलीय जैव विविधता में वृद्धि करना है। उन्होंने बताया कि नदी पारिस्थितिकीय प्रणाली के संरक्षण हेतु रिवर रैंचिंग प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है।डॉ निषाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित कर नदी संरक्षण और मत्स्य विकास की पहल को मजबूत किया जाए। राज्य सरकार प्रदेश को मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।मत्स्य विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र लोगों तक इसका लाभ पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए।कार्यक्रम में मत्स्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने कहा कि प्रदेश भर में रिवर रैचिंग कार्यक्रमों को निरंतर संचालित किया जाना चाहिए। इस प्रकार के कार्यक्रमों से जलीय जैवविविधता में और वृद्धि होगी और नदियों में पारिस्थितिकीय तंत्र को बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में एन0एस0 रहमानी, निदेशक मत्स्य,पुनीत कुमार,उप निदेशक मत्स्य (मुख्यालय), एजाज नकवी,उप निदेशक मत्स्य (नियोजन);उग्रसेन सिंह, उपनिदेशक सांख्यिकीय,सृष्टि यादव,उप निदेशक मत्स्य (लखनऊ मंडल), लखनऊ, प्रदीप कुमार शुक्ला,मुख्य कार्यकारी अधिकारी,लखनऊ एवं समस्त मण्डलीय/जनपदीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *