फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बारात में शामिल होने आए युवक को ट्रक ने रौंद दिया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे के बाद बारातियों में हडक़ंप मच गया। गंभीर रूप से घायल संतोष को तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद एटा के थाना जैथरा के नगला अहमद निवासी 20 वर्षीय संतोष पुत्र मुन्नालाल की देर रात ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। संतोष अपने गांव के ही दोस्त जीतू पुत्र श्याम बाबू की बारात में शामिल होने के लिए थाना क़ादरीगेट क्षेत्र के सातनपुर स्थित गुंजन बिहार कॉलोनी आया था। रात करीब 11 बजे वह सडक़ के किनारे खड़ा था, तभी तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल संतोष को तत्काल 11:07 पर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर पहुंचे आवास विकास चौकी इंचार्ज विशेष कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की मां गायत्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक संतोष 6 भाइयों में दूसरे नंबर का था। मृतक के पिता मुन्नालाल खेती करते हैं। संतोष गुडग़ांव में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
बारात में शामिल होने आये युवक को ट्रक ने रौंदा, मौत
