सरदार पटेल की 150वीं जयंती अभियान कार्यक्रम के तहत निकाली गई पदयात्रा

क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित भाजपा नेताओं ने लिया भाग
मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। गुरुवार को सरदार पटेल की 150वीं अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत भोजपुर विधानसभा के मोहम्मदाबाद में राष्ट्रीय एकता मार्च का आयोजन हुआ। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने सहभागिता की। मोहम्मदाबाद के एक इंटर कॉलेज से आयोजित हुई पदयात्रा मोहम्मदाबाद चौराहे होते हुए एक पैलेस में पर जनसभा के साथ संपन्न हुई। प्रकाश पाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र और छात्राओं को संबोधित किया। एकता मार्च में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर पैदल मार्च करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ सरदार पटेल अमर रहे, वंदे मातरम का उदधोष करते हुए आगे बढ़े और यात्रा का समापन एक पैलेस में हुआ। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प पत्र पढक़र शपथ दिलाई। उन्होंने कहा सरदार पटेल की जन्म जयंती एक उत्सव के रूप में मनाई जा रही है, सरदार पटेल ने देश की अखंडता और एकता के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाह्न के बाद पूरे देश भर में सरदार पटेल की 150वीं जयंती को धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिसमें एकता मार्च निकालकर लौह पुरुष को साक्षी श्रद्धांजलि दी जा रही है। देश की आजादी के बाद सरदार पटेल देश के प्रधानमंत्री बनते तो इस भारत की तस्वीर बदल गई होती, लेकिन जवाहरलाल नेहरू ने वोट चोरी करके देश के प्रधानमंत्री बने और यह देश कांग्रेस के भ्रष्टाचार और गलत नीतियों में उलझ कर बहुत पीछे चला गया। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को चरितार्थ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी अपनाओ का नारा दिया। हर घर स्वदेशी घर-घर स्वदेशी का आवाह्न करके उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर वर्ग जाति और धर्म के लोगों से अपील की है। भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा सरदार पटेल एक विचारधारा है, जिन्होंने भारत की संप्रभुता और अखंडता के लिए कांग्रेस की नीतियों का विरोध करते हुए देश हित के कई अनेकों फैसले लिए। क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने कहा भारत की आजादी में सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका थी, लेकिन कांग्रेस ने उनके महत्व को कम करने का कार्य किया। भाजपा ने सरदार पटेल को सम्मान देकर विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार बनने के बाद देश उन सभी महान विभूतियों को उचित सम्मान देने का काम कर रहा है। संचालन गोपाल राठौर ने किया। इस अवसर पर डीएस राठौर, पुष्पराज सिंह, दिनेश कटियार, रूपेश गुप्ता, विमल कटियार, पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह राठौड़, जिला मंत्री गुरुचरन आजाद, अरविन्द कटियार, प्रधान पंचम सिंह, प्रधान संजीव कुमार कटियार, प्रधान रघुनंदन पाल, अनुज राजपूत, शंकर सिंह राठौड़, शिव मोहन सिंह, शैलेंद्र राजपूत, डॉ0 उदय प्रताप सिंह, शिवांग रस्तोगी आदि लोग मौजूद रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *