‘एसआईआर’को सपा ने बताया चुनाव आयोग का षड्यंत्र, पीडीए की एकजुटता पर दिया जोर

शाहाबाद/हरदोई। सोमवार को पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू के आवास पर समाजवादी पार्टी की एक अहम बैठक संपन्न हुई।बैठक का मुख्य एजेंडा चुनाव आयोग द्वारा कराई जा रही ‘एसआईआर’ गणना और संगठन की मजबूती रहा।बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सपा प्रदेश सचिव और विधानसभा प्रभारी डॉ.अरुण मौर्या मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ.अरुण मौर्या ने चुनाव आयोग की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले की एकजुटता और बढ़ती ताकत से बुरी तरह घबराई हुई है। सरकार अब चुनाव आयोग के जरिए ‘एसआईआर’ गणना का एक नया राजनीतिक षड्यंत्र रच रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को भ्रमित करना है।उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह जी-जान से जुट जाएं और इस साजिश का पुरजोर विरोध करते हुए जनता को सच्चाई से अवगत कराएं तथा अपने वोटों को कटने से बचाएं।
सपा जिला उपाध्यक्ष धर्मवीर यादव ने बैठक में मौजूद सभी बूथ लेवल एजेंटों को तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने कहा पार्टी द्वारा नियुक्त सभी बीएलए पार्टी रीढ़ हैं।एसआईआर फॉर्म को भरने की प्रक्रिया बेहद संवेदनशील है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आप सभी को फॉर्म भरते समय हर एक बिंदु को विस्तार से समझना होगा ताकि हमारे समर्थकों का अहित न हो।यह सुनिश्चित करना होगा कि गणना के दौरान कोई भी गलत जानकारी दर्ज न हो सके, इसके लिए आप सभी को सतर्क रहना होगा।पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना की।उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि आप सभी पार्टी के सच्चे और समर्पित सिपाही हैं।महज एक घंटे की सूचना पर आप सबका इतनी बड़ी संख्या में एकत्रित हो जाना यह दर्शाता है कि संगठन जमीनी स्तर पर कितना मजबूत है। आपका यही अनुशासन और तत्परता आने वाले समय में पार्टी की जीत का आधार बनेगा।इसी जोश और जुनून के साथ आगे भी काम करना है।बैठक का संचालन जिला सचिव चांद मियां ने किया।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष लड्डन मिर्जा,विधानसभा अध्यक्ष अवनीश कुमार राजपूत,नगर अध्यक्ष सेवाराम गुप्ता,जिला सचिव डॉ.नसीम खां और अंबेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष राजकुमार जिंदल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *