समृद्धि न्यूज। खेल की दुनिया में भारत को एक बड़ी कामयाबी मिली है। 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन अहमदाबाद में होगा। कॉमनवेल्थ गेम्स दूसरी बार भारत में आयोजित होंगे। भारत को 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी अधिकार मिल गए हैं। गुजरात के अहमदाबाद में ये खेल कराए जाएंगे। ग्लास्गो में बुधवार को हुई राष्ट्रमंडल खेल आमसभा की बैठक के दौरान भारत को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी आधिकारिक तौर पर सौंपी गई है। 2010 के बाद यह पहला अवसर है जब भारत इन खेलों की मेजबानी करेगा। 2010 में नई दिल्ली में इन खेलों का आयोजन कराया गया था। भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन बेहद ही खास होगा, क्योंकि साल 2030 में इन खेलों को 100 साल हो जाएंगे। कॉमनवेल्थ गेम्स का पहली बार आयोजन 1930 में कनाडा के हैमिल्टन में हुआ था। भारत से पहले साल 2026 में इन खेलों का आयोजन ग्लास्गो में होगा।
भारत अगर इन खेलों में अच्छा प्रदर्शन करेगा तो अहमदाबाद में होने वाले गेम्स में भारत से और ज्यादा उम्मीदें बढ़ेंगी। राष्ट्रमंडल खेल महासभा में 74 राष्ट्रमंडल सदस्य देशों और क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भारत की 2030 की दावेदारी का अनुमोदन किया। बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व संयुक्त सचिव (खेल) कुणाल, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा और गुजरात के खेल मंत्री हर्ष संघवी सहित अन्य लोगों ने किया। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डॉक्टर डोनाल्ड रुकारे ने कहा, भारत राष्ट्रमंडल खेलों में पैमाना, युवा, महत्वाकांक्षा, समृद्ध संस्कृति और प्रासंगिकता लेकर आया है।
यह राष्ट्रमंडल खेलों के लिए एक नए स्वर्ण युग की शुरुआत है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि 2034 और उसके बाद के खेलों की मेजबानी के लिए कई देशों की गहरी रुचि है। हम राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अपनी अगली शताब्दी की शुरुआत सकारात्मकता के साथ कर रहे हैं। वहीं कॉमनवेल्थ गेम्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की प्रेसिडेंट डॉ0 पीटी उषा ने कहा कि कॉमनवेल्थ स्पोर्ट ने जो भरोसा दिखाया है, उससे हम बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं। 2030 के गेम्स न सिर्फ कॉमनवेल्थ मूवमेंट के सौ साल पूरे होने का जश्न मनाएंगेए, बल्कि अगली सदी की नींव भी रखेंगे।
यह कॉमनवेल्थ के सभी देशों के एथलीट, कम्युनिटी और कल्चर को दोस्ती और तरक्की की भावना से एक साथ लाएगा। 2030 के खेलों में 15 से 17 खेल शामिल होंगे। एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, तैराकी और पैरा तैराकी, टेबल टेनिस और पैरा टेबल टेनिस, बाउल्स और पैरा बाउल्स, भारोत्तोलन और पैरा पावरलिफ्टिंग, कलात्मक जिमनास्टिक्स, नेटबॉल और मुक्केबाजी ऐसे खेल हैं जो निश्चित रूप से राष्ट्रमंडल खेल 2030 का हिस्सा होंगे।
