लडख़ड़ाकर सात फिट गहरे नाले में गिरा बुजुर्ग, परिजनों ने किया हंगामा

छह घंटे बाद जेसीबी की मदद से पाइप में फंसा मिला शव
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। एक बुजुर्ग की 7 फीट गहरे नाले में गिरकर मौत हो गई। परिजन और नगर पालिका के कर्मचारी देर रात तक खोजबीन करते रहे। करीब 6 घंटे की तलाश के बाद बुजुर्ग का शव नाले के एक पाइप में फंसा मिला।मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला दीवान मुबारक निवासी शेर सिंह राजपूत (60) बीबीगंज गल्ला मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। बुधवार शाम करीब 6 बजे काम से लौट रहा था, तभी लडख़ड़ाकर नाले में गिर गया। किसी ने घटना की सूचना पीडि़त के परिजनों को दी। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया।सूचना मिलने पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और मऊदरवाजा थाना अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। एक युवक को नाले में उतारकर तलाश कराई गई, लेकिन 2 घंटे तक कोई पता नहीं चला। इसके बाद बुजुर्ग को ढूंढने के लिए नगर पालिका की टीम लगाई गई। सफाई नायक मोहम्मद अयूब के नेतृत्व में नाले की सफाई कराई गई। दो सफाई कर्मियों को नाले में उतारा गया। रात करीब 12 बजे घटनास्थल से करीब 5 फीट की दूरी पर नाले के विशालकाय पिट की पाइप में 7 फिट गहराई में शेर सिंह का शव फंसा हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *