संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने की आत्महत्या

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। दही थाना क्षेत्र के कोईथर गांव में नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार कोईथर गांव में पार्वती 25 वर्ष पत्नी सूरज की शादी छह वर्ष पहले हुई थी। उसका पति सूरज रोजगार के सिलसिले में पंजाब में रहता है और अक्सर महीनों तक घर नहीं आ पाता। ऐसे में पार्वती घर पर ही अपने दो बच्चों- रियांश (5) और यश (2)- की परवरिश और सारे घरेलू कामकाज संभालती थी।
आज सुबह जब परिजन और पड़ोसी घर पहुंचे, तो उन्होंने पार्वती को फंदे से झूलता देखा। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका का मायका गंगाघाट क्षेत्र के उदा खेड़ा में है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके वाले गांव पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि पार्वती पिछले कुछ दिनों से तनाव में थी, लेकिन उसने कभी खुलकर अपनी समस्या नहीं बताई।
पड़ोसियों ने बताया कि पार्वती स्वभाव से शांत और मिलनसार थी। बच्चों के साथ खेलते देखना आम बात थी। उसके इस कदम से सभी हैरान हैं। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी तरह का मानसिक या शारीरिक उत्पीड़न, दहेज विवाद या अन्य कारण सामने आते हैं, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *