उन्नाव, समृद्धि न्यूज। अचलगंज थाना क्षेत्र में एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद घर के अंदर मिला है। घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार अचलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ोरा मजरे मनोनगर निवासी मनोज जो अकेला रहता था। ग्रामीणों ने सुबह उसके घर का दरवाजा खुला देखा और अंदर चारपाई पर खून से लथपथ शव पाया। शरीर की सड़न को देखकर अनुमान है कि मौत करीब तीन दिन पहले हुई थी।
पुलिस के अनुसार, मनोज के चेहरे पर नुकीले हथियार से कई गहरे घाव मिले हैं, जिससे उसकी नृशंस हत्या की गई है। चारपाई के पास से एक लोहे की रॉड और शराब के कई खाली पैकेट भी बरामद हुए हैं। इन साक्ष्यों से आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले घर में कोई विवाद या बैठक हुई होगी।
मनोज की पत्नी शांति पिछले एक महीने से अपने मायके में रह रही थी, जिसके कारण वह घर पर अकेला था। इसी वजह से घटना का पता भी देर से चल पाया। मृतक की बहन राजदुलारी ने पुलिस को बताया कि उनकी मनोज से आखिरी बातचीत बीते शुक्रवार को हुई थी। उसके बाद कई बार फोन करने पर भी संपर्क नहीं हो पाया था। आज सुबह पड़ोसियों ने घर से तेज बदबू आने पर दरवाजा खोलकर देखा, तब इस वारदात का खुलासा हुआ। सूचना पर क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा और अचलगंज थाना प्रभारी ब्रजेश शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की पड़ताल शुरू की।
फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए। प्राथमिक जांच में पुलिस जमीनी विवाद को हत्या की मुख्य वजह मान रही है। हालांकि, पुलिस अन्य संभावित बिंदुओं पर भी गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
