फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शुक्रवार को राजेपुर में एक डीसीएम से 24 भैंसें बरामद की गईं। इन भैंसों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था। जिनमें से कई मरणासन्न अवस्था में थीं। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रामपुर जोगराजपुर निवासी गुलशन कुमार मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी उन्होंने भैंसों से लदे एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को देखा। गुलशन ने ट्रक को रोककर अंदर देखा तो पाया कि जानवरों को बेहद खराब तरीके से भरा गया था। उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लिया और राजेपुर थाने ले गई। ट्रक चालक की पहचान फर्रुखाबाद के रामसहायपुर निवासी मो0 अन्सार पुत्र अशफाक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ट्रक से कुल 24 भैंसें बरामद हुई हैं। जिनमें से कई की हालत गंभीर है। राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान भैसों से भरे ट्रक को पकड़ा
