फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सफाई मजदूर संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर टाउन हॉल पार्क में धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन अधिशासी अधिकारी को सौंपा।
यह प्रदर्शन उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ फर्रुखाबाद के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष राजू शुक्ला की देखरेख में शुक्रवार को दोपहर 3 बजे शुरू हुआ। लगभग 50-60 पदाधिकारी और कार्यकर्ता टाउन हॉल थाना क्षेत्र मऊदरवाजा पर एकत्रित हुए और एक सभा की। इसके बाद दोपहर 3:45 बजे कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार को उनके कार्यालय में जाकर सौंपा। यह ज्ञापन नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल को संबोधित था। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो वे तत्काल निर्णय लेकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन के साथ मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ जाएंगे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि सफाई मजदूर संघ फर्रुखाबाद ने आज ज्ञापन दिया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सफाई कर्मचारियों की छोटी-छोटी समस्याओं का जल्द ही निस्तारण किया जाएगा।
सफाई कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया धरना प्रदर्शन
