फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मसेनी चौराहा स्थित अमेरिकन किडजी स्कूल में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़े धूमधाम के साथ वार्षिक उत्सव एवं दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि चंद्रशेखर कटियार का विद्यालय की प्रबंधिका रेखा कटियार व संस्थापक विनीत कटियार ने बुके देकर सम्मानित किया। सभी ने मंच पर पहुंचकर दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा गुब्बारा छोडक़र कार्यक्रम की शुरुआत की। कैप्टन केशव कटियार ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगीत के बाद सभी ने तिरंगे को सलामी दी। बच्चों ने रैबिट रेस, कप टॉवर वाली पीटी जैसे खेलों में भाग लिया। साथ ही बच्चों के अभिभावकों के द्वारा भी लेमन रेस, परेड जैसे खेल में भाग लिया गया। चंद्रशेखर कटियार ने कहा कि नन्हे मुन्ने बच्चों में से निकलकर पता नहीं कौन सा बच्चा प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बने, इसीलिए सभी अभिभावकों को यह ध्यान रखने की आवश्यकता है कि बच्चे का जिस खेल में रुचि हो उसको खिलाए। विनीत कटियार ने कहा कि हर बच्चे की किसी न किसी खेल में रुचि होती है, बस उसको समझने की जरूरत है, खेलने से बच्चे का स्वास्थ्य स्वस्थ रहता है, साथ ही शरीर में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होती है। प्रबंधक रेखा कटियार ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के लिए खेलने भी जरूरी है, जिससे कि उनकी शरीर की ऊर्जा और मानसिक विकास होता है, इसीलिए हमारे विद्यालय में पढ़ाई के साथ साथ बच्चों के खेलने पर भी ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जो बच्चा खेलकूद प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेगा, उसको पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया जाएगा। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले यशी राठौर, अंश द्विवेदी, अभी, प्रिया, अद्विक चौहान, बनिया सिंह, वानी कटियार, आरव चौहान, अरेबिक पाल, वंश कटियार, दर्शिका चौहान, कृष्ण श्रीवास्तव को मुख्य अतिथि चंद्रशेखर कटियार ने शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विद्यालय की शिक्षिका अपर्णा यादव, लता कुमारी, प्रतीक्षा कटियार, पूजा चौहान, नंदनी राठौर, सौम्या द्विवेदी, उजाला राठौर, वर्षा सैनी, तान्या परिहार ने व्यवस्था देखी।
अमेरिकन किडजी स्कूल में खेल दिवस का हुआ आयोजन
