सत्ता की आड़ में भूमाफियाओं का आतंक,भाजपा बूथ अध्यक्ष की जमीन पर कब्जे का आरोप

शाहाबाद (हरदोई)। सत्ता से जुड़े भूमाफियाओं पर भाजपा बूथ अध्यक्ष की जमीन पर अवैध कब्जा करने और विरोध करने पर पूरे परिवार को प्रताड़ित कराने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामला शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के बुधबाजार इलाके का बताया जा रहा है, जहां पीड़ित परिवार ने पुलिस पर भी भूमाफियाओं का साथ देने के आरोप लगाए हैं। बुधबाजार भाजपा बूथ अध्यक्ष रामकरन कुशवाहा का कहना है कि जिस भूमि पर उनका और उनके परिवार का करीब पांच दशकों से कब्जा है, उसी जमीन को लेकर सरकन्ने और शैलेंद्र मिश्रा उर्फ बाबा द्वारा कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार उक्त जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद दबाव बनाकर कब्जा कराया जा रहा है। आरोप है कि भूमाफियाओं ने पहले परिवार द्वारा वर्षों से उपयोग किए जा रहे सरकारी शौचालय को तोड़ दिया। जब इसका विरोध किया गया तो पुलिस को बुला लिया गया। मौके पर पहुंची शाहाबाद पुलिस पर आरोप है कि उसने भूमाफियाओं के इशारे पर भाजपा बूथ अध्यक्ष के परिवार के सदस्यों को घर से उठाकर कोतवाली ले गई। पीड़ित परिवार के प्रमोद कुशवाहा, रामनिवास, पूजा, अरुणाती, रीना सहित अन्य महिलाओं ने आरोप लगाया कि थाने में पुरुषों और महिलाओं सभी के साथ मारपीट की गई। इस दौरान किसी की भी सुनवाई नहीं की गई। घटना से आहत भाजपा बूथ अध्यक्ष रामकरन कुशवाहा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन को वीडियो जारी कर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर भूमाफियाओं और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है और लोगों की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *