महाराष्ट्र के कल्याण में नाबालिग लड़की के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोपी विशाल गवली ने सुबह 3:30 बजे तलोजा जेल में तौलिया से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जेजे अस्पताल भेज दिया गया है। तलोजा जेल अधिकारी ने बताया कि आरोपी विशाल गवली साढ़े तीन महीने से तलोजा जेल में बंद था।पुलिस ने बताया कि कल्याण कस्बे में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी ने रविवार तड़के पड़ोसी नवी मुंबई के तलोजा सेंट्रल जेल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। आरोपी विशाल गवली (35) सुबह करीब साढ़े तीन बजे जेल के शौचालय में लटका मिला। गवली शौचालय गया और कथित तौर पर एक तौलिया का इस्तेमाल कर फांसी लगा ली।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रविवार को सुबह साढ़े तीन बजे शौचालय जाते समय आरोपी विशाल गवली ने अपनी तौलिए से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। उसके शव को जे.जे. अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
साढ़े तीन महीने से तलोजा जेल में कैद था आरोपी
बता दें कि आरोपी विशाल गवली साढ़े तीन महीने से तलोजा जेल में कैद था। आरोपी के जेल के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी खारघर पुलिस ने दी है। इस घटना के बाद से पुलिस की टीम भी हैरान रह गई।
नाबालिग लड़की के पिता ने सीएम को किया धन्यवाद
आरोपी के आत्महत्या किए जाने के बाद नाबालिग लड़की के पिता ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सांसद और पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दिया है। नाबालिग के पिता ने कहा, ‘यह वह न्याय है, जो हमें ईश्वर से प्राप्त हुआ है। उसके दोनों भाइयों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। हमें अभी डर है।’
पिछले साल दिसंबर में मिला था नाबालिग लड़की का शव
दिसंबर 2024 में कल्याण में एक 12 साल की लड़की लापता हो गई थी। परिवारवालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज की थी। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज हुआ था। बाद में लड़की का शव बरामद हुआ था। हत्या की पुष्टि होने पर BNS की धारा 103(1) (हत्या) जोड़ी गई थी।
जनवरी 2025 में आरोपी हुआ था गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल गवली को बुलढाणा से गिरफ्तार किया था। उसे 2 जनवरी 2025 तक पुलिस हिरासत में रखा गया। पुलिस ने 10 लोगों, जिसमें आरोपी के रिश्तेदार और दोस्त भी शामिल रहे उनसे भी पूछताछ की गई।