उन्नाव, समृद्धि न्यूज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध गायत्री मंदिर में पूजा करने गई दो महिलाओं की सोने की चेन चोरी हो गई। पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया है कि अज्ञात महिलाओं ने जानबूझकर उनसे टकराकर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित महिलाओं में एक का नाम रमा सोनी है, जबकि दूसरी महिला पुष्पा जायसवाल हैं। दोनों महिलाएं गायत्री मंदिर में पूजा-अर्चना और प्रसाद ग्रहण करने के लिए आई थीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य श्रद्धालुओं में भी दहशत का माहौल बन गया।
रमा सोनी ने बताया कि मंदिर परिसर में एक महिला बार-बार उनसे टकरा रही थी, लेकिन उस समय उन्हें किसी तरह का शक नहीं हुआ। थोड़ी देर बाद जब उन्होंने गले में हाथ डाला तो सोने की चेन गायब मिली। उन्होंने बताया कि उनकी चेन लगभग आठ से नौ ग्राम की थी।
वहीं, पुष्पा जायसवाल ने बताया कि जब वे मंदिर परिसर में चल रही थीं, तभी दो महिलाएं, जिनमें से एक ने लाल साड़ी पहन रखी थी, जानबूझकर एक आगे से और दूसरी पीछे से टकराईं। इसी दौरान उनके गले में हाथ डालकर एक तोले की चेन निकाल ली गई। जैसे ही उन्होंने अपने गले में हाथ डाला, तब तक दोनों आरोपी महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर आगे निकल चुकी थीं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई । मौके पर पहुंची पुलिस मंदिर परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
