फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सोमवार सुबह घर की चारपाई पर राजमिस्त्री का शव पड़ा मिलने से गांव में सनसनी फैल गयी। वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट के ग्राम अर्जुन नगला निवासी 48 वर्षीय बलराम जाटव पुत्र श्रीकृष्ण जाटव राजमिस्त्री का कार्य करता था। वह शराब पीने का भी आदी था। बलराम के दो मकान हैं। एक गाँव के बाहर व दूसरा गाँव के भीतर। बलराम गाँव के किनारे बने एक कमरे के मकान में अक्सर सोता था। बीती रात भी वह उसी मकान में सोया था। मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 6 बजे बलराम की पत्नी मिथिला देवी अपने 6 वर्षीय पुत्र ऋषभ के साथ बलराम के पास पहुंचीं, तो वह चारपाई पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। परिजनों ने उसे देखा तो उसकी मौत हो चुकी। बलराम के सिर, हाथ व पैर में कई चोट के निशान मिले। जानकारी होने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गयी। सूचना मिलने पर एसपी आलोक प्रियदर्शी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय सिंह, सीओ ऐश्वर्या उपाध्याय, थाना प्रभारी आमोद कुमार, आईटीआई चौकी प्रभारी दीपक कुमार, फिल्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन की। परिवार के सदस्यों का मृतक के शव से मिलान कराया गया। मृतक बलराम के दोस्त नरेंद्र राजपूत पुत्र अरमान सिंह के हाथों से भी नमूने लिये गये। मृतक की पत्नी मिथिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के एक पुत्र 24 वर्षीय सुमित, 22 वर्षीय अमित, 20 वर्षीय पुत्री शिवानी, 18 वर्षीय पुत्री चांदनी, 15 वर्षीय रिशु है। मृतक चार भाई है। जिसमें बलराम जाटव की मृत्यु हो गयी।
वजनदार वस्तु से सिर व छाती में चोट पहुंचाकर की गयी हत्या, नामदर्ज मुकदमा दर्ज
राजमिस्त्री की हत्या किसी वजनदार वस्तु से सिर व छाती में चोट मारकर की गयी। पोस्टमार्टम में हत्या किये जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मृतक के भाई होमगार्ड धीरज की तहरीर पर गाँव के ही एक आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। होमगार्ड धीरज ने दी गयी तहरीर में कहा है कि उनके भाई बलराम का एक सप्ताह पूर्व शराब पीने को लेकर गाँव के ही विपिन सक्सेना पुत्र कृष्णपाल से झगड़ा हुआ था। बीती रात लगभग 8 बजे बलराम खाना खाकर गाँव के किनारे बने कमरे पर आकर सो गया। सोमवार सुबह भाभी मिथिला देवी जब जगानें गयीं, तो बलराम चारपाई पर मृत पड़ा था। पुलिस नें तहरीर के आधार पर आरोपी विपिन के खिलाफ हत्या का मुकदमा थाना कादरीगेट में दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शव का पोस्टमार्टम डॉ0 ओमप्रकाश ने किया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बलराम के शरीर पर आधा दर्जन चोटों के निशान थे। वहीं किसी वजनदार चीज से उसके सिर व छाती में चोट मारी गयी। जिससे उसकी मौत हो गयी। मुकदमे की विवेचना प्रभारी निरीक्षक आमोद कुमार को दी गयी है।
