संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला नव विवाहिता का शव

 मायके पक्ष के लोगों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का लगाया आरोप
क्षेत्राधिकारी व सीओ ने की जांच पड़ताल, फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जुटाये साक्ष्य
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर नव विवाहिता का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पति समेत अन्य ससुरालीजन फरार हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तथा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव चंदुईया निवासी विष्णु त्रिवेदी की पत्नी नेहा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद पति, जेठ और ससुर मौके से फरार हो गये। बेटी की मौत की खबर सुनकर कंपिल थाना क्षेत्र के बिल्हा गांव से मृतका के मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। ससुरालीजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मेरापुर थाना प्रभारी अजब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी और फोरेंसिक विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोडक़र शव को फंदे से नीचे उतारा। मायके पक्ष के लोगों ने पुत्री नेहा की हत्या कर शव लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई शिवम ने बताया कि नेहा बुधवार को भाई दूज मनाने मायके आई थी और गुरुवार शाम को ही अपनी ससुराल लौटी थी। नेहा की शादी 16 जून 2023 को चांदुईया निवासी प्रदीप त्रिवेदी के बेटे विष्णु त्रिवेदी के साथ हुई थी। मृतका की डेढ़ साल की एक बेटी है। जिसका नाम लड्डू है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *