जिलाधिकारी पहुंचे लोहिया, खाना इंचार्ज फार्मासिस्ट पर गिरी गाज

स्टाफ नर्स यज्ञेश कुमारी के खिलाफ कार्यवाही करने के दिये निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज।
जिलाधिकारी ने जब से चार्ज संभाला है तब से अधिकारियों की नींद काफूर हो गयी है। आये दिन निरीक्षण से कब किस पर गाज गिर जाये, कहा नहीं जा सकता। आज लोहिया अस्पताल में निरीक्षण के दौरान खाना इंचार्ज फार्मासिस्ट को निलंबित कर दिया तथा स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह ने बीते 1 फरवरी को चार्ज लिया था। तब से ताबड़तोड़ विभागों में छापेमारी से अधिकारियों की रातों की नींद तथा दिन का चैन छिन सा गया है।

जिलाधिकारी सबसे ज्यादा साफ-सफाई तथा फर्नीचर तथा अभिलेखों का ठीक प्रकार से रखरखाव पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी ने डॉ0 राम मनोहर लोहिया अस्पताल महिल व पुरुष का निरीक्षण किया। सभी वार्डों में जाकर मरीजों से उपचार संबंध जानकारी की तथा दवायें आदि मिलने के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि कोई दवा बाहर से तो नहीं मंगायी जा रही है। जिस पर मरीजों ने कहा कि दवाई अस्पताल से ही दी जा रही है। डीएम ने आकस्मिक कक्ष में जाकर मॉनिटर से खुद का ऑक्सीजन लेवल चेक कराया। जिस पर मॉनिटर का एसपीओ-2 सेंसर खराब निकला। जिस पर इंचार्ज फार्मासिस्ट सचेन्द्र द्विवेदी व ई0एम0ओ0 आकाश बंसल को चेतावनी दी गई। डीएम ने मरीजों से पूछा की समय पर खाना व नाश्ता मिल रहा है कि नहीं, कई मरीजों ने बताया कि कल शाम को भर्ती हुये थे अभी तक खाने व नाश्ते में कुछ नहीं मिला। इस पर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी जताई एवं खाने की व्यवस्था के इंचार्ज फार्मासिस्ट मुकेश दीक्षित को निलंबित करने व स्टाफ नर्स यज्ञेश कुमारी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को खाना व नास्ता समय पर दिये जाने के निर्देश दिये। अस्पताल में साफ -सफाई की स्थिति खराब पाई गई। डीएम ने सी0एम0एस को उक्त व्यवस्थायें सही करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी व संबंधित डॉक्टर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *