फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम फतेहगढ़ के ऑडिटोरियम हॉल में शक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अतिथि के रुप में उपस्थित विभिन्न उच्च पदो पर विराजमान महिलाओं के साथ बालिकाओं का सीधा संवाद हुआ। बालिकाओं ने अपने कैरियर से संबंधित विभिन्न प्रश्नों को पूंछा। जिनका उत्तर अधिकारी महिलाओं के द्वारा दिया गया। शक्ति संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, समाजसेवी डॉ0 रजनी सरीन, सी0ओ0 सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, सहायक श्रमायुक्त नमिता सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रेनू, प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्र ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। बालिकाओं द्वारा पूछे गए विभिन्न कैरियर संबंधी प्रश्न का उत्तर देते हुए अधिकारियों ने बताया कि किस प्रकार से बालिकाएं यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, इंजीनियरिंग, पुलिस, नेट आदि की परीक्षा की तैयारी कर सरकारी सेवा में जा सकती हैं और देश की सेवा कर सकती हैं। कुछ बेटियों ने उच्च पदों पर विराजमान अधिकारियों की सफलता के पीछे खड़े परिश्रम एवं चुनौतियों के बारे में भी प्रश्न किया। नेहरू युवा केंद्र की टीम द्वारा नारी सशक्तिकरण से संबंधित नुक्कड़ नाटक किया गया। सभी बालिकाओं एवं अधिकारियों द्वारा रैली निकाल कर सशक्त नारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन बाल संरक्षण अधिकारी सचिन सिंह ने किया। इस अवसर पर संबंधित विद्यालयों की शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रही।
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में बालिकाओं ने कैरियर से संबंधित पूछे प्रश्न
