Headlines

अतुल्य गंगा ग्रीन इण्डिया फाउंडेशन ने निकाली साइकिल यात्रा

दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अतुल्य गंगा ग्रीन इण्डिया फाउंडेशन वृक्षमाल अभियान के द्वारा गंगोत्री से लेकर प्रयागराज तक 11 दिन की साइकिल यात्रा निकाल कर पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा स्वच्छता अभियान के प्रति जागरूक करने के संकल्प के साथ आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ में सभा आयोजित कर छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, गंगा को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक मुक्त भारत को रखने के लिए शपथ दिलाई। फाउण्डेशन के द्वारा वृक्षारोपण भी किया। फाउण्डेशन में अवकाश प्राप्त सैन्य अधिकारी तथा अन्य सिविल अधिकारी शामिल हैं। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य एकता साध ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। अवकाश प्राप्त कर्नल मनोज केश्वर ने कहा कि भारत में नदियां धीरे-धीरे लुप्त हो रही हैं। विश्व का सबसे श्रेष्ठ लोकतन्त्र वाले देश की राजधानी दिल्ली में प्रवाहित यमुना की दुर्दशा है। गंगा का पानी प्रदूषित हो रहा है। हमारी संस्कृति नदी पर ही वसती है और हम लोग नदियों पर ही आश्रित हैं। नदियों का पानी दिन प्रतिदिन समाप्त हो रहा है। जिससे जनता पलायन की कगार पर है। कर्नल मनोज केश्वर ने बताया कि हम सभी ने 20 जनवरी से 11 दिन की गंगोत्री से साइकिल यात्रा शुरू की, जो 31 जनवरी को महाकुंभ प्रयागराज में समाप्त होगी। संगठन का एक ही अभियान गंगा को प्लास्टिक मुक्त करना है। संस्थापक गोपाल शर्मा ने बताया कि ४० प्रतिशत आबादी गंगा के किनारे रहती है। गंगा के लुप्त होने पर इस आबादी को भी पलायन करना पड़ेगा। सदस्य कालेश्वर ने कहा कि अभी तक हजारों पेड़ लगाए हैं जिनमें 80 प्रतिशत से भी अधिक पेड़ फल फूल रहे हैं। इस अवसर पर एनसीसी के 12 यूपी बटालियन और 4 यूपी बटालियन के कैडिट्स ने अपना सराहनीय योगदान दिया। अंग्रेजी प्रवक्ता पूर्णिमा अग्निहोत्री ने आगन्तुक अतिथियों तथा साइकिल यात्रा की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मेजर फिलिप, मेजर एकलव्य नेहरा, एएनओ लेफ्टिनेंट चंचल शर्मा, अनुराधा मुखर्जी, सर्वेश मिश्रा, डॉ0 सुनील कुमार त्रिपाठी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *