समृद्धि न्यूज। पंजाब के कपूरथला की रहने वाली सरबजीत कौर पाकिस्तान में लापता हो गई है। 4 नवंबर को वो जत्थे के था पाकिस्तान गई थी, मगर वहीं से वो लापता हो गई। जांच में सामने आया कि पाकिस्तानी इमिग्रेशन फॉर्म में भी उसने अपनी जरूरी जानकारी अधूरी छोड़ी थी। जिला कपूरथला निवासी सरबजीत कौर 4 नवंबर को 1,932 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान गई थी। जत्थे के पाकिस्तान जाने से पहले सरबजीत कौर द्वारा भरे गए इमिग्रेशन फॉर्म में एक अहम गड़बड़ी सामने आई है। उन्होंने फॉर्म में अपनी राष्ट्रीयता और पासपोर्ट नंबर वाली कॉलम खाली छोड़ दी थी, जिससे अब मामला और संदिग्ध हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, इतने महत्वपूर्ण कॉलम का खाली छोड़ा जाना गंभीर जांच का विषय है। 10 दिनों तक पाकिस्तान स्थित विभिन्न गुरुद्वारों के दर्शन करने के बाद जब जत्था भारत लौटा, तो कुल 1922 श्रद्धालु देर शाम तक भारत वापस आ गए, जत्थे के लौटने से पहले श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गडग़ज्ज समेत चार सदस्य, और तीन महिलाएं जिनके घर में कोई बीमार था पहले ही भारत लौट आई थीं, लेकिन सरबजीत कौर जत्थे से गायब हो गई और वापस नहीं लौटी। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान स्थित भारतीय दूतावास पाकिस्तानी अधिकारियों के संपर्क में है। 4 नवंबर को सिख तीर्थयात्री श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने के लिए पाकिस्तान के ननकाना साहिब गए थे। पिछले महीने केंद्र सरकार ने सिख तीर्थयात्रियों को पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब गुरुद्वारे की 10 दिवसीय यात्रा करने और जयंती मनाने की अनुमति दी थी। इससे पहले भारत सरकार ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए इजाजत नहीं दी थी। एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि महिला जत्थे से अलग कैसे और क्यों हुई, क्या वह किसी स्थानीय स्थान पर रह गई या मामला किसी संदिग्ध गतिविधि से जुड़ा हो सकता है। पाकिस्तान स्थित भारतीय दूतावास से भी संपर्क कर उसकी लोकेशन और मूवमेंट का रिकॉर्ड हासिल किया जा रहा है।
प्रकाश पर्व मनाने गई भारत की सरबजीत कौर पाकिस्तान में लापता, इमिग्रेशन फॉर्म में सामने आई गड़बड़ी
