नगर उद्योग व्यापार मंडल के कुलदीप सैनी बने नगर अध्यक्ष

वरिष्ठ उपाध्यक्ष ऋषभ गुप्ता व महामंत्री सौरभ मिश्रा मनोनीत
कंपिल, समृद्धि न्यूज। नगर में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के द्वारा कमेटी का गठन हुआ। व्यापार मंडल अध्यक्ष, नगर महामंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष को शीर्ष नेतृत्व के द्वारा चुना गया। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।
नगर के जैन दिगम्बर धर्मशाला में रविवार दोपहर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश की तरफ से व्यापारियों की बैठक सम्पन्न हुई। व्यापारियों ने प्रदेश सह महामंत्री संजय गुप्ता, प्रदेश मंत्री अमित सेठ, जिलाध्यक्ष मनोज कौशल, जिला महामंत्री शिवकुमार शाक्य का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। जिसके बाद पदाधिकारियों व व्यापारियों की सर्वसम्मति से नगर अध्यक्ष पद पर कुलदीप सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ऋषभ गुप्ता व महामंत्री पद पर सौरभ मिश्रा को मनोनीत किया गया। मनोनीत होने के बाद पूरा भवन तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। जिसके बाद पदाधिकारियों ने व्यापारियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। व्यापारियों ने एक दिन की साप्ताहिक बंदी करने की मांग उठाई। हालांकि साप्ताहिक बंदी का दिन तय नहीं हो सका। संजय गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीडऩ सहन नहीं किया जाएगा। अगर कोई अधिकारी किसी व्यापारी को बेवजह तंग करता है तो उसकी सूचना तत्काल नगर के पदाधिकारियों को देनी है। इसके बावजूद भी अगर कोई दिक्कत आती है तो उत्तर प्रदेश के समस्त पदाधिकारी आपके सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। जिला महा मंत्री शिवकुमार शाक्य ने बताया कि हम सभी व्यापारी जबतक संगठित नहीं रहेंगे तब तक हमारा उत्पीडऩ होता रहेगा। जिस दिन हम संगठित होकर एक आवाज बनेंगे उस दिन से हम एक मजबूत कड़ी की तरह कार्य करना शुरू कर देंगे। अकेला इंसान चाहे व्यापारी हो या पदाधिकारी बिना संगठन के किसी काम का नहीं है। जिसके बाद नव मनोनीत पदाधिकारियों को भी फूल मालाओं से उत्साहवर्धन किया गया। ढोल बाजों के साथ सभी पदाधिकारियों ने नगर के बाजार में भ्रमण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *