संदिग्ध परिस्थितियों में आश्रम के कमरे में मिला महंत का शव

परिजन बोले आश्रम पर कब्जे व पैसे के लिए की गई हत्या
क्षेत्राधिकारी नगर ने मौके पर पहुंचकर की जांच पड़ताल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पांचाल घाट स्थित ऋषी आश्रम के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में महंत का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर सिओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने आश्रम में रहने वाली एक महिला व पड़ोसी युवक पर कब्जे व पैसे के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार जनपद मैनपुरी के गांव कुकामई के रहने वाले राघव चतुर्वेदी लगभग एक साल से थाना कादरीगेट के अंतर्गत ऋषी आश्रम पांचाल घाट पर रह रहे थे। सुबह जब महंत राघव चतुर्वेदी आरती में नहीं पहुचे तो पास पड़ोस के साधु संतों ने उनके कमरे में जाकर देखा, तो महंत का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। शरीर पर चोट के निशान थे। मृतक के भाई अनुपम चतुर्वेदी ने बताया की इस आश्रम के महंत उनके चाचा दिव्यनन्द थे। दिव्यनन्द की मौत 25 दिसम्बर 2024 को हो गई थी। तब से सर्वसम्मति से उसके भाई राघव को महंत बना दिया गया था। राघव घर से आलू बेचकर 1 लाख रुपए और छोटे भाई से 42 हजार रुपये मृतक महंत दिव्यनन्द की मूर्ति बनबाने के लिए लाए थे। मृतक के भाई अनुपम का कहना है कि पड़ोसी से विवाद रहता था। आश्रम में उनके साथ महिला मुन्नी रहती थी। वह भी घटना के बाद से गायब हो गई है। घटना की सूचना पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय मौके पर पहुंची। पुलिस ने की जांच पड़ताल शुरू करदी है। सीओ सिटी ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। महिला कौन रहती थी उसकी तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से थाना पुलिस को तहरीर दी गयी है। वहीं थानाध्यक्ष आमोद कुमार सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *