मृतका जीएनएम का मिशन अस्पताल में ले रहीं थी प्रशिक्षण
रो-रोकर पिता व भाई की भी तबियत बिगड़ी, लोहिया में भर्ती
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। दो प्रशिक्षु जीएनएम छात्राओं को सडक़ क्रॉस करते समय तेज रफ्तार बुलेट सवार ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों छात्रायें गंभीर रुप से घायल हो गयीं। गंभीर रुप से घायल छात्रा को लोहिया अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी छात्रा को एम.एच. फतेहगढ़ में भर्ती कराया गया है। जहां पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जॉच पड़ताल की तथा शव को मोर्चरी में रखवाया।जानकारी के अनुसार सोनी पाल 22 वर्ष पत्नी रोहित पाल निवासी नगला नैन कोतवाली फतेहगढ़ अपने पिता सचिन पाल के घर पर रहकर मिशन अस्पताल में जीएनएम का प्रशिक्षण ले रही थी। उसके साथ में ही उपरोक्त मोहल्ले की ही शालू पुत्री जोगिन्दर भी मिशन अस्पताल में जीएनएम की प्रैक्टिस कर रही है। गुरुवार सुबह 9:30 बजे के लगभग टेंपो में बैठकर मिशन अस्पताल जा रही थीं। जैसे ही दोनों मिशन अस्पताल के बाहर टेंपो से उतरकर सडक़ पार कर रही थी, तभी फतेहगढ़ की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे बुलेट बाइक सवार ने दोनों छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गयीं। घटना की सूचना परिजनों को दी गयी। जिस पर आनन-फानन में दोनों छात्राओं के परिजन मौके पर पहुंच गये। गंभीर रुप से घायल सोनी को परिजन लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जबकि शालू को एम.एच. अस्पताल फतेहगढ़ ले जाया गया। सोनी को चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। वहीं छात्रा शालू की भी हालत गंभीर बतायी जा रही है। वह भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। बताते चलें कि दोनों छात्राओं की शादियां हो चुकी हैं। दोनों के पति सेना में बाहर तैनात हैं। मृतका सोनी के दो भाई सचिन व सौरभ तथा मां सुषमा तथा पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। सौरभ व पिता की हालत बिगड़ गयी। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बुलेट सवार कादरीगेट के शांतिनगर पजाबा का रहने वाला शोभित पुत्र भरत त्रिवेदी बताया जा रहा है। जिसका नंबर यू.पी.76एआर 5492 है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कादरीगेट पुलिस ने बुलेट सवार को गिरफ्तार कर लिया है।
मार्ग दुर्घटना सैनिक की पत्नी की मौत, सहेली गंभीर घायल
