नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नवाबगंज क्षेत्र में आलू की अगैती फसल के दाम में भारी गिरावट दर्ज की गई है। नए आलू का भाव इतना कम हो गया है कि किसानों के लिए लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। रविवार को स्थानीय मंडी में आलू का भाव 251 से 321 रुपये प्रति पैकेट रहा।
किसानों के मुताबिक एक बीघा आलू की फसल तैयार करने में 10 से 12 हजार रुपये की लागत आती है। हालांकि मौजूदा बाजार भाव पर एक बीघा आलू बेचने से किसानों को केवल 8 से 10 हजार रुपये ही मिल पा रहे हैं। इससे उन्हें अपनी लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। आलू के दाम में गिरावट से किसान निराश हैं। किसान रामवीर, सुधीर कुमार, रामसिंह ठाकुर और ऋषभ कुमार ने बताया कि उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसान ऋषभ कुमार ने बताया कि आलू की खेती में प्रति बीघा लगभग 10,000 से 12,000 रुपये का खर्च आता है। इसमें मजदूरी का खर्च ही करीब 15,000 रुपये तक पहुंच गया है, क्योंकि प्रति मजदूर 400-500 रुपये लेता है। उन्होंने आगे कहा कि इतनी लागत लगाने के बाद भी आलू का सही दाम नहीं मिल रहा है। मौजूदा भाव 280 से 300 रुपये प्रति पैकेट के आसपास है, जो लागत निकालने के लिए भी पर्याप्त नहीं है। ऋषभ के अनुसार लगाई गई पूंजी भी वापस नहीं मिल पा रही है। जिससे उन्हें खेती में केवल नुकसान और घाटा दिख रहा है।
अगैती आलू की फसल में लागत निकालने के लाले
