अयोध्या, समृद्धि न्यूज। राम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था इन दिनों और भी कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार को एक संदिग्ध मुस्लिम महिला को सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में ले लिया। यह महिला महाराष्ट्र की रहने वाली बताई जा रही है और उसका नाम इरिम बताया गया है। महिला रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आई थी।
जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर परिसर से संदिग्ध मुस्लिम महिला को अयोध्या पुलिस ने हिरासत में लिया है। वह रामलला का दर्शन कर परिसर से बाहर निकल रही थी, इसी बीच सुरक्षा कर्मियों ने उसे हिरासत में लिया। निकास द्वार पर सुरक्षा कर्मियों के द्वारा पूछताछ करने पर महिला अभद्रता करने लगी। संदिग्ध गतिविधि करने पर सुरक्षा कर्मियों को उसपर शक हुआ।
महाराष्ट्र की है मुस्लिम महिला, सुरक्षा कर्मियों से करने लगी बहस
दोपहर के समय इरिम नामक यह महिला अन्य श्रद्धालुओं के साथ रामलला के दर्शन करने पहुंची थी। दर्शन के बाद जब वह लौट रही थी, तब निकासी मार्ग पर तैनात सुरक्षा जवानों ने उसके व्यवहार में कुछ अजीब देखा, नीले कपड़े से सिर और चेहरा ढंके इस महिला की गतिविधियां सामान्य नहीं लग रही थीं।
जवानों ने जब उससे सवाल-जवाब किए तो वह असहज हो गई और सुरक्षा कर्मियों से बहस करने लगी। मामला संदिग्ध प्रतीत होते ही अधिकारियों को जानकारी दी गई और महिला को राम जन्मभूमि थाने भेजा गया। जहां पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने उससे पूछताछ शुरू की। सूत्रों की मानें तो पूछताछ के दौरान महिला ने साफ.सुथरे जवाब देने की बजाय उल्टे-सीधे जवाब दिए। जिससे संदेह और भी गहरा गया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया
क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी के मुताबिक महिला के नाम पता आदि का सत्यापन किया जा रहा है। अभी तक कोई आपत्तिजनक बात सामने नहीं आ रही है। यह महिला मानसिक विक्षिप्त लग रही है और महाराष्ट्र की रहने वाली है। आपको बताते चलें कुछ दिन पहले एक युवक भी चश्मा में कैमरा लगाकर राम मंदिर परिसर में घुस गया था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की थी।