25 ड्राइविंग लाईसेन्स किये गये निलम्बित, वसूला गया 18 लाख जुर्माना
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह का समापन समारोह का आयोजन राजकीय बालिका इ0कालेज फतेहगढ़ में किया गया। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र पाल सिंह रहे। एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत एवं एआरटीओ-प्रशासन कृष्ण कुमार यादव व प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत उपस्थित रहीं। एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि दिसम्बर 2025 तक जनपद में 490 सडक़ दुर्घटनायें घटित हुई हैं जिनमें 284 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, जबकि दिसम्बर 2024 तक जनपद में 390 सडक़ दुर्घटनायें घटित हुई थीं, जिनमें 213 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी। जनपद में घटित लगभग 65 प्रतिशत दुर्घटनाओं में शामिल कम से कम एक वाहन दो पहिया है तथा मृतकों की संख्या में लगभग 60 प्रतिशत दो पहिया वाहन सवार है। राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह के अन्तर्गत परिवहन विभाग द्वारा 25 ड्राइविंग लाईसेन्स निलम्बित किये गये तथा रू0 18 लाख जुर्माना वसूल किया गया। सभी छात्रायें यह प्रण करें कि वह किसी भी स्थिति में अपने परिवार के सदस्य को बिना हेल्मेट एव सीटबेल्ट का प्रयोग किये वाहन नहीं चलाने देगीं तथा अपने परिवार को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगीं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता, कत्र्तव्यनिष्ठा और सहयोग जैसे गुणों को अपनी जीवन शैली में शामिल करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि अच्छे गुणों का समावेश न केवल व्यक्ति के विकास के लिएए अपितु समाज की उन्नति के लिए भी आवश्यक है। प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी 122 छात्राओं, शिक्षिकाओं तथा कर्मचारियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई कि वे सडक़ पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करेंगे, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करेंगे तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह का हुआ समापन, छात्राओं को दिलायी गई शपथ
