आठवें वेतन आयोग का लाभ न मिलने पर पेंशनर्स ने निकाला कैंडिल मार्च

सेवानिवृत कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने पीएम को भेजा ज्ञापन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। केन्द्र सरकार द्वारा आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स को लाभ न दिये जाने के विरोध में सेवानिवृत कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के बेनर तले किये गये धरना प्रदर्शन में सेवानिवृत सभी विभागों के राज्य कर्मचारियों, सेवानिवृत माध्यमिक शिक्षकों, सेवानिवृत शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, सेवानिवृत प्रधानाचार्यों एवं सेवानिवृत बेसिक शिक्षकों ने एकजुट होकर धरना प्रदर्शन में भाग लेकर प्रधानमंत्री सम्बोधित ज्ञापन नगर मजिस्टे्रट संजय बंसल को सौंपा। जिसमें कहा सेवानिवृत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भी आँठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का लाभ दिया जाये, अन्यथा की स्थिति में प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे देश में सेवानिवृत कर्मचारी धरना प्रदर्शन करेंगे।
जिला मुख्यालय पर एकत्र हुये सेवानिवृत शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री को प्रेषित ज्ञापन में कहा कि सेवानिवृत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को हमेशा से ही वेतन आयोग का लाभ और डीआर मिलता रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार शिक्षकों एवं कर्मचारियों की विरोधी है। पुरानी पेंशन बन्द करने के पश्चात् सेवानिवृत लोगों को मिलने वाले लाम से भी वंचित करने की साजिश रची जा रही है। प्रदेश नेतृत्व के आवाह्न पर किये गये धरना प्रदर्शन एवं कैंडिल मार्च निकालकर विरोध जताया। जिलाध्यक्ष विष्णू भगवान कटियार ने कहा कि मौजूदा आंठवें वेतन आयोग के संकल्प पत्र में पेंशनर्स को छोड़ दिया गया है। कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजेश निराला ने कहा कि भाजपा सरकार शुरू से ही शिक्षक व कर्मचारी विरोधी रही है, पहले पेंशन बंद की और अब पुरानी पेंशन पाने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को मिलने वाले लाभ से भी वंचित किया जा रहा है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रभूदयाल ने कहा कि सेवानिवृत कर्मचारी एवं शिक्षकों को मिलने वाला लाभ सरकार की कृपा से नहीं बल्कि उनके द्वारा किये गये त्याग और परिश्रम का फल है। जिला उपाध्यक्ष नन्दकिशोर शर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुये औंठवें वेतन आयोग का लाभ पेंशनर्स को देना चाहिये। जिला मंत्री राजीव कुमार बाजपेयी ने कहा कि अब लड़ाई आरपार की होगी, चाहे हमें धरना प्रदर्शन करना पड़े या जेल जाना पड़े, पेंशनर्स पीछे हटने वाले नहीं हैं, क्योंकि हमने जो पाया है वह कड़े संघर्ष से ही पाया है। प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश महामंत्री डॉ0 संदीप कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार को पेंशनर्स के साथ सौतेला व्यवहार नहीं करना चाहिये। आज जो सेवा में हैं कल वो भी सेवानिवृत होंगे। प्रधानाचार्य परिषद, माध्यमिक शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ ने भी सेवानिवृत कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसियेशन के धरना प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर विनोद कुमार उपाध्याय, जोगराज सिंह, राजेश बंसल, डॉ0जी0एस0 राजपूत, सतेन्द्र सिंह, जागेश्वर प्रसाद राजपूत, आदित्य कुमार श्रीवास्तव, अमरनाथ कश्यप, कन्हैयालाल वर्मा, सुरेशचन्द्र सक्सेना, मुनीशचन्द्र दीक्षित, सुरेशचन्द्र शर्मा, करनसिंह राठौर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *